Logo

रोहित शर्मा का बड़ा वादा! IPL 2026 से पहले मुंबई इंडियंस ने किया ऐसा प्लान, क्या आएगी छठी ट्रॉफी?

Mumbai Indians IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस ने खास बॉन्डिंग इवेंट में अपनी तैयारियों को मजबूत किया। रोहित शर्मा ने फैंस से छठी ट्रॉफी जीतने का वादा किया, जिससे टीम को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

👤 Ashwani Kumar 22 Mar 2026 11:34 AM

The Mix Event MI: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। टीम 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। सीजन से पहले टीम ने हर बार की तरह इस बार भी एक खास बॉन्डिंग प्रोग्राम आयोजित किया, जिसे ‘द मिक्स’ नाम दिया गया।

‘द मिक्स’ इवेंट में दिखी टीम की जबरदस्त केमिस्ट्री

मुंबई में आयोजित इस खास इवेंट में खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और मैनेजमेंट ने मिलकर शानदार समय बिताया। रोहित शर्मा इस दौरान काफी मस्ती के मूड में नजर आए। वहीं टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस इवेंट की खास बात यह रही कि इसमें फैंस को भी शामिल होने का मौका मिला, जिससे टीम और समर्थकों के बीच कनेक्शन और मजबूत हुआ। मुंबई इंडियंस को अपनी कप्तानी में पांच बार चैंपियन बना चुके रोहित शर्मा ने इस मौके पर फैंस को खास संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि टीम इस सीजन में पूरी ताकत झोंककर छठी ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी। रोहित का यह बयान फैंस के लिए उम्मीद से भरा हुआ है, क्योंकि पिछले कुछ सीजन टीम के लिए उतने सफल नहीं रहे हैं।

पिछले प्रदर्शन ने बढ़ाई चुनौती

2020 तक आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल रही मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन हाल के वर्षों में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2024 में टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही, जबकि पिछले सीजन में शुरुआत भी कमजोर रही थी। हालांकि, टीम ने बीच में शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ तक जगह बनाई, लेकिन फाइनल में पहुंचने से चूक गई। इस बार टीम उस कमी को पूरा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

मजबूत बल्लेबाजी बनी सबसे बड़ी ताकत

मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी ताकत इस बार उसकी बैटिंग लाइनअप मानी जा रही है। टीम में रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, क्विंटन डी कॉक और रेयान रिकेल्टन जैसे दमदार बल्लेबाज शामिल हैं। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ उतरने के लिए तैयार है।

टीम के अनुभव और युवा खिलाड़ियों के जोश का मिश्रण इसे बेहद खतरनाक बना सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या रोहित शर्मा का वादा सच साबित होता है और मुंबई इंडियंस एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम कर पाती है।