Logo

IPL 2026 से पहले LSG ने लिया रामलला का आशीर्वाद! अयोध्या में पूरी टीम ने टेका माथा, क्या बदलेगी इस बार किस्मत?

Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अयोध्या पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने रामलला के दर्शन कर सफलता की कामना की। इस खास दौरे के बाद टीम नए जोश के साथ टूर्नामेंट में उतरने के लिए तैयार है।

👤 Ashwani Kumar 22 Mar 2026 10:58 AM

आईपीएल 2026 की शुरुआत से ठीक पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स ने आध्यात्मिक राह अपनाते हुए अयोध्या में भगवान राम के दर्शन किए। टीम का पूरा दल राम मंदिर पहुंचा, जहां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। इस खास मौके पर टीम के मालिक संजीव गोयनका भी मौजूद रहे और उन्होंने भी रामलला के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।

40 सदस्यीय दल ने किया दर्शन-पूजन

लखनऊ सुपर जायंट्स का करीब 40 सदस्यों का समूह अयोध्या पहुंचा था। यहां सभी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा की। टीम के कप्तान ऋषभ पंत समेत अन्य खिलाड़ी भी इस दौरान मौजूद रहे।

दर्शन के बाद खिलाड़ियों ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में टीम का उत्साह और श्रद्धा साफ झलक रही है।

मालिक संजीव गोयनका ने शेयर की तस्वीर

टीम के मालिक संजीव गोयनका ने इस धार्मिक यात्रा की झलक सोशल मीडिया पर साझा की। तस्वीर में वे ऋषभ पंत और टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ नजर आए। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और फैंस ने भी टीम को आने वाले सीजन के लिए शुभकामनाएं दीं। अयोध्या दौरे का मकसद सिर्फ दर्शन करना ही नहीं, बल्कि आगामी सीजन के लिए सफलता की कामना करना भी था। पिछले सीजन में टीम प्लेऑफ तक पहुंचने से चूक गई थी, ऐसे में इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ खिलाड़ियों ने भगवान से प्रार्थना की।

राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े सदस्य गोपाल राव के अनुसार, टीम के सभी खिलाड़ियों ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा की और सकारात्मक ऊर्जा के साथ लौटे।

IPL 2026 के मुकाबलों पर नजर

आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 5 अप्रैल को टीम सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। टीम का तीसरा मैच 9 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ और चौथा मुकाबला 12 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के साथ होगा।

इस आध्यात्मिक शुरुआत के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। फैंस को उम्मीद है कि इस बार टीम पिछले सीजन की कमी को पूरा करते हुए शानदार प्रदर्शन करेगी।