इंडियन प्रीमियर लीग का नया सीजन शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। IPL 2026 का आगाज करीब दो सप्ताह बाद होने वाला है, लेकिन उससे पहले ही दिग्गज क्रिकेटर एमएस धोनी की रिटायरमेंट को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।
फैंस के बीच लंबे समय से यह सवाल बना हुआ है कि क्या यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है। इसी बीच टीम प्रबंधन की ओर से साफ किया गया है कि धोनी इस सीजन में सभी मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेंगे। चेन्नई सुपर किंग् के सीईओ काशी विश्वनाथन ने भी पुष्टि की है कि अनुभवी विकेटकीपर पूरे सीजन में टीम का हिस्सा रहेंगे।
इस बार चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में कुछ नए चेहरे भी शामिल हुए हैं। इनमें विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम खास तौर पर चर्चा में है। उनके आने से टीम की रणनीति में बदलाव संभव माना जा रहा है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि सैमसन की मौजूदगी से धोनी का वर्कलोड कुछ कम हो सकता है। इससे यह भी संकेत मिल रहे हैं कि धोनी इस सीजन में पहले की तुलना में अलग भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने हाल ही में एक स्पोर्ट्स शो के दौरान धोनी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया। उनका मानना है कि 2026 का सीजन शायद आईपीएल में धोनी का आखिरी साल हो सकता है। उथप्पा के मुताबिक, इस बार धोनी टीम में एक खिलाड़ी के साथ-साथ मेंटॉर की भूमिका भी निभाते नजर आ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बल्लेबाजी क्रम में धोनी को नीचे के नंबर पर खेलते देखा जा सकता है। उनके अनुसार धोनी सातवें नंबर की बजाय आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते दिखाई दे सकते हैं।
यह पहली बार नहीं है जब धोनी की रिटायरमेंट को लेकर चर्चा हुई हो। इससे पहले पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान भी इस तरह का अनुमान जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि 2026 के बाद धोनी शायद आईपीएल में खेलते नजर न आएं। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स और आईपीएल की कल्पना करना मुश्किल है।
पिछले कुछ सीजन में धोनी का बल्लेबाजी क्रम भी चर्चा का विषय रहा है। IPL 2024 के बाद से ऐसे बहुत कम मौके आए जब उन्होंने पांचवें नंबर या उससे ऊपर बल्लेबाजी की हो। IPL 2025 में तो उन्हें दो बार नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते भी देखा गया। आमतौर पर इतने निचले क्रम पर गेंदबाज बल्लेबाजी करने आते हैं।धोनी का यह फैसला टीम की रणनीति का हिस्सा माना गया। अब IPL 2026 में उनका प्रदर्शन और भूमिका क्या होगी, इस पर फैंस की नजरें टिकी हुई हैं।