भारत में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। कर्नाटक, केरल, गुजरात, दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों में कोविड-19 के नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में भी कोरोना का खतरा फिर से सामने आया है। यहां 7 साल की बच्ची और 47 साल की महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 7 साल की बच्ची अपने माता-पिता के साथ सूरत से उज्जैन आई थी। तबीयत खराब होने पर परिवार ने उसे इलाज के लिए इंदौर ले जाया, जहां उसकी जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
47 साल की महिला अभी उज्जैन में है और वहीं उसका इलाज चल रहा है। उसके सैंपल उज्जैन से इंदौर भेजे गए थे, जहां एक निजी लैब की जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इंदौर में पिछले 48 घंटे में कोरोना के 4 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी इंदौर में कोविड-19 के दो मरीज सामने आए थे। दोनों को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें से एक युवक की ट्रैवल हिस्ट्री केरल की है, जहां हाल ही में कोरोना के नए वेरिएंट और कई केस सामने आए थे, जिससे यह मामला और ज्यादा गंभीर हो गया है। वहीं दूसरा मरीज अहमदाबाद का रहने वाला बताया गया है। प्रशासन इन मामलों को लेकर सतर्क हो गया है।
कर्नाटक में कोरोना संक्रमण से जुड़ी चिंताजनक खबर सामने आई है। बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में रहने वाले 84 वर्षीय बुजुर्ग की बहु-अंग विफलता (मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर) के कारण 17 मई को मौत हो गई। शनिवार को उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिससे यह पुष्टि हुई कि वे संक्रमित थे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल कोविड-19 के 38 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 32 केवल बेंगलुरु से हैं। इसके अलावा, बेलगावी में 24 साल की एक गर्भवती महिला की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 19 मई तक देश में COVID-19 के 257 सक्रिय मामले हैं। इनमें से अधिकांश हल्के लक्षणों वाले हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार श्वसन संबंधी बीमारियों पर नजर बनाए रखने के लिए IDSP (एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम) और ICMR के माध्यम से लगातार निगरानी कर रही है।