Logo

ईद का सस्पेंस बरकरार! आज दिखेगा चांद या बढ़ेंगे रोजे? जानें कब मनाई जाएगी ईद-उल-फितर

Eid ul Fitr 2026: ईद-उल-फितर की तारीख को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सऊदी अरब में चांद न दिखने के बाद ईद शुक्रवार को मनाने का ऐलान हुआ है, जबकि भारत में आज चांद के दीदार के बाद ही अंतिम फैसला होगा।

👤 Ashwani Kumar 19 Mar 2026 02:58 PM

Eid 2026: सऊदी अरब में ईद का चांद नहीं दिखने के बाद वहां आधिकारिक तौर पर शुक्रवार को ईद-उल-फितर मनाने का ऐलान कर दिया गया है। यानी 20 मार्च को सऊदी में ईद का त्योहार मनाया जाएगा। सऊदी अरब में चांद दिखने के आधार पर ही कई देशों में ईद की तारीख तय होती है, लेकिन इस बार चांद नजर न आने से तारीख आगे बढ़ गई है। भारत में अभी तक ईद की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

आज 29वें रोजे के दिन चांद देखने की तैयारी की जा रही है। अगर आज चांद दिखाई देता है, तो भारत में भी 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। लेकिन अगर चांद नजर नहीं आता, तो रमजान के 30 रोजे पूरे होंगे और ईद 21 मार्च यानी शनिवार को मनाई जाएगी।

खाड़ी देशों में भी जारी हुए एलान

सऊदी अरब के अलावा बहरीन और कुछ अन्य खाड़ी देशों में भी ईद की तारीख को लेकर घोषणा कर दी गई है। हालांकि दुबई में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि वहां भी चांद नहीं दिखा है। समय के अंतर के कारण भारत और खाड़ी देशों में ईद की तारीख में एक दिन का फर्क होना आम बात है। रमजान के 28 रोजे पूरे हो चुके हैं और अब सभी की नजर 29वें रोजे पर है। इसी दिन चांद देखने की परंपरा है, जो तय करती है कि ईद कब मनाई जाएगी।

अगर आज चांद नजर आ जाता है, तो रमजान 29 दिन का होगा। वहीं चांद न दिखने की स्थिति में रोजों की संख्या 30 हो जाएगी।

इस बार बन सकता है खास संयोग

इस बार रमजान में एक खास संयोग भी बन सकता है। अगर चांद देर से दिखता है और ईद शनिवार को होती है, तो इस महीने में पांच जुम्मे (शुक्रवार) पड़ सकते हैं, जो एक दुर्लभ स्थिति मानी जाती है। रमजान के पूरे महीने में रोजेदार इबादत, रोजा और जरूरतमंदों की मदद के जरिए अल्लाह की रहमत पाने की कोशिश करते हैं। फिलहाल ईद की तारीख पूरी तरह से आज चांद के दीदार पर निर्भर है। पूरे देश में लोग बेसब्री से चांद का इंतजार कर रहे हैं।