Free Gas Cylinder: दिल्ली सरकार ने त्योहारों के समय गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के रसोई खर्च को कम करने के लिए नई योजना शुरू की है. इस योजना के तहत होली और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर गैस सिलेंडर की कीमत वापस मिलने की व्यवस्था की गई है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दी है. योजना के लिए 242 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है. हालांकि, योजना का फायदा पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी. सही दस्तावेज और सही प्रोसेस का पालन करना जरूरी है, ताकि भुगतान में कोई परेशानी न आए.
इस योजना का फायदा उठाने के लिए निम्नलिखित शर्तें पूरी होना आवश्यक है:
आपका वैध राशन कार्ड होना चाहिए. गैस कनेक्शन उसी नाम से होना चाहिए, जो राशन कार्ड पर है. आपका बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और KYC अपडेट रहना चाहिए. मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा होना चाहिए, ताकि डिजिटल वेरिफिकेशन में आसानी हो.
योजना का प्रोसेस काफी सरल है:
1. सबसे पहले अपनी गैस एजेंसी से सिलेंडर बुक करें.
2. सिलेंडर डिलीवरी पर पूरी कीमत चुकाएं
3. गैस कंपनी उपभोक्ता डेटा सरकार को भेजेगी.
4. पात्र पाए जाने पर 853 रुपये सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे.
इस तरह ये योजना सीधे फ्री सिलेंडर देने की जगह, आपको सिलेंडर की कीमत वापस देती है.
इस योजना का लाभ साल में दो बार मिलेगा:
होली के मौके पर दीपावली के मौके पर
यानी साल में दो सिलेंडर के बराबर रकम आपके खाते में सीधे ट्रांसफर होगी.
योजना केवल सिलेंडर गैस तक ही सीमित नहीं है. पाइपलाइन गैस (PNG) इस्तेमाल करने वाले पात्र परिवार भी इस योजना के तहत बराबर रकम सीधे बैंक खाते में पाएंगे. पूरी प्रक्रिया डिजिटल है और कोई पेपरवर्क ज्यादा नहीं है.