मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने सेना को लेकर एक बयान दिया, जिस पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका गांधी ने आलोचना करते हुए कहा कि सेना देश की होती है, किसी पार्टी की नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा करने वाले जवानों का सम्मान होना चाहिए, और उन्हें राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए।
केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि बीजेपी नेताओं द्वारा सेना का लगातार अपमान बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, और अब उपमुख्यमंत्री ने सेना का अपमान किया है।
प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया कि पूरा देश सेना के शौर्य पर गर्व करता है, लेकिन बीजेपी नेता उसे अपमानित कर रहे हैं और पार्टी उन्हें सज़ा देने की बजाय बचा रही है। उन्होंने पूछा कि बीजेपी इस रवैये से देश और सेना को क्या संदेश देना चाहती है।
इस विवाद की वजह मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का एक वायरल वीडियो है, जिसमें वे कहते हैं, "प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे। पूरा देश, हमारी सेना और सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं। उन्होंने जो जवाब दिया, उसकी जितनी सराहना की जाए, कम है।"
कांग्रेस ने इसे सेना का अपमान बताया है, जबकि बीजेपी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल का कहना है कि कांग्रेस उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है।
मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जबलपुर में दिए गए अपने हालिया बयान पर उठे विवाद को लेकर सफाई दी है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे गलतफहमी हुई। देवड़ा ने कहा कि उन्होंने भारतीय सेना का कोई अपमानजनक या विवादित बयान नहीं दिया, बल्कि उन्होंने हमेशा सेना के सम्मान में ही बातें की हैं।