हरियाणा के पानीपत से लापता हुई मॉडल शीटल की लाश सोमवार सुबह एक नहर से बरामद की गई. गले पर चाकू के कई निशान थे, जिससे साफ हो गया कि ये कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी. इस हत्याकांड की गुत्थी को क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) ने सुलझा लिया है और शीटल के प्रेमी सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी सुनील इसराना का रहने वाला है और वह पहले से शादीशुदा था. जब शीटल को इस बात का पता चला तो दोनों के बीच झगड़ा हुआ. गुस्से में आकर सुनील ने उसे चाकू से गोद डाला और फिर पूरे घटनाक्रम को एक सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की. हत्या को छुपाने के लिए सुनील ने शीतल की कार को सोनीपत के खरखौदा के पास नहर में धकेल दिया, ताकि पुलिस इसे एक्सीडेंट समझे. मगर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गले पर धारदार हथियार के निशानों ने पूरी साजिश की पोल खोल दी.
शीतल के परिजनों ने बताया कि वह 14 जून को एक म्यूजिक शूट के लिए अहार गांव गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों ने तुरंत माटलौडा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई. जांच के दौरान पता चला कि वह आखिरी बार सुनील के साथ कार में गई थी. CIA-1 प्रभारी सब-इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि परिजनों के बयान और सबूतों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी सुनील को पार्क हॉस्पिटल के पास से गिरफ्तार किया गया.
उसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है. फिलहाल पुलिस उस चाकू को बरामद करने की कोशिश कर रही है जिससे हत्या की गई थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा. साथ ही पुलिस ने यह भी कहा कि इस जघन्य अपराध में आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.