Logo

‘मुझे पता है काला जादू हुआ था…’ शेफाली जरीवाला की मौत पर पराग त्यागी का सनसनीखेज दावा!

Shefali Jariwala death: शेफाली जरीवाला के अचानक निधन के बाद उनके पति पराग त्यागी गहरे सदमे में हैं. पत्नी की यादों को जिंदा रखने के लिए उन्होंने पॉडकास्ट शुरू किया है. इसी दौरान पराग ने एक इंटरव्यू में चौंकाने वाला दावा किया कि शेफाली पर काला जादू किया गया था.

👤 Ashwani Kumar 18 Jan 2026 11:42 AM

अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के अचानक निधन ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. महज 42 साल की उम्र में उनका इस दुनिया से चले जाना न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि लाखों फैंस के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं था. शेफाली अपनी मुस्कान, फिटनेस और पॉजिटिव सोच के लिए जानी जाती थीं, ऐसे में उनके जाने की खबर पर आज भी लोगों को यकीन नहीं हो पा रहा है.

पत्नी की यादों में डूबे पराग त्यागी

शेफाली के निधन के बाद उनके पति पराग त्यागी पूरी तरह टूट चुके हैं. पत्नी को खोने का दर्द आज भी उनके दिल में ताजा है. पराग ने अपनी जिंदगी को शेफाली की यादों को समर्पित कर दिया है. उन्होंने न सिर्फ अपनी पत्नी के सपनों को जिंदा रखने का फैसला किया, बल्कि उनकी याद में यूट्यूब चैनल और पॉडकास्ट भी शुरू किया है, जहां वह शेफाली से जुड़ी बातें और जीवन से जुड़े अनुभव साझा करते हैं.

काला जादू को लेकर पराग का चौंकाने वाला दावा

इसी बीच पराग त्यागी ने शेफाली की मौत को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. एक पॉडकास्ट के दौरान पराग ने दावा किया कि शेफाली पर काला जादू किया गया था. उन्होंने कहा कि यह केवल अंदाज़ा नहीं, बल्कि उन्हें पूरा भरोसा है कि किसी ने यह सब किया.

पराग का कहना है कि भले ही बहुत से लोग इन बातों पर विश्वास न करें, लेकिन वह खुद इन चीजों को मानते हैं. उनके अनुसार, जहां भगवान होते हैं, वहां नकारात्मक शक्तियां भी मौजूद होती हैं.

“मुझे महसूस होता था कुछ गड़बड़ है”

पराग ने बातचीत में यह भी बताया कि यह पहली बार नहीं था जब उन्हें ऐसा महसूस हुआ. उनके मुताबिक, दो बार ऐसा हुआ जब उन्हें शेफाली के साथ कुछ गलत होने का एहसास हुआ. पहली बार स्थिति संभल गई थी, लेकिन दूसरी बार हालात ज्यादा गंभीर हो गए.

उन्होंने कहा कि जब वह पूजा-पाठ और भक्ति में बैठते थे, तब उन्हें अंदर से कुछ गलत होने का संकेत मिलता था. पराग का दावा है कि शेफाली को छूकर भी उन्हें समझ आ जाता था कि कुछ ठीक नहीं है, हालांकि उन्होंने ज्यादा विवरण साझा करने से परहेज किया.

पूजा-पाठ बढ़ाने के बाद भी नहीं बची शेफाली

पराग ने बताया कि जब उन्हें लगा कि मामला गंभीर है, तो उन्होंने पूजा-पाठ और बढ़ा दी थी. बावजूद इसके, हालात नहीं सुधरे. पराग का कहना है कि वह आज भी 100 प्रतिशत यकीन के साथ कहते हैं कि शेफाली के साथ कुछ गलत किया गया था, हालांकि वह यह नहीं बता सकते कि इसके पीछे कौन था.

कर्म, रिश्ते और समाज पर पराग की कड़वी सच्चाई

बातचीत के अंत में पराग त्यागी ने कर्म और रिश्तों पर भी गहरी बात कही. उन्होंने कहा कि इंसान इस दुनिया से कुछ लेकर नहीं जाता. उनकी पत्नी बेहद सादगी में इस दुनिया से गई. उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि आज के दौर में लोग रिश्तों की कद्र नहीं करते और भावनाओं से खेलते हैं, जो बेहद दुखद है.

शेफाली जरीवाला की मौत और पराग त्यागी के ये बयान अब लगातार चर्चा में हैं. सच्चाई जो भी हो, लेकिन इतना साफ है कि पराग आज भी अपनी पत्नी के दर्द और यादों के साथ हर दिन जीने की कोशिश कर रहे हैं.