Logo

54 की उम्र में अभिनेता मुकुल देव का निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर…राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय करने वाले अभिनेता मुकुल देव का निधन हो गया है. वह 54 वर्ष के थे.

👤 Sagar 24 May 2025 11:43 AM

फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर…राजकुमार’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय करने वाले अभिनेता मुकुल देव का निधन हो गया है. वह 54 वर्ष के थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुकुल ने शुक्रवार रात अंतिम सांस ली. शनिवार को जब उनके करीबी दोस्तों को इस दुखद समाचार की जानकारी मिली, तो वे उनके घर पहुंचे.

अब तक उनकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और न ही परिवार या किसी करीबी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी हुआ है. मुकुल देव की करीबी दोस्त और अभिनेत्री दीप्तिशिखा नागपाल ने इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मुकुल के साथ एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "RIP"

मुकुल देव आखिरी बार हिंदी फिल्म ‘एंथ द एंड’ में नजर आए थे. वह अभिनेता राहुल देव के भाई थे. उनके अचानक निधन से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है.

24 मई को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित लोधी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां भाई राहुल देव ने भावुक माहौल में अंतिम क्रियाएं पूरी कीं. परिवार के साथ कई करीबी मित्र और प्रशंसक इस क्षण में शामिल हुए. सलमान खान, जिन्होंने मुकुल के साथ 2014 की फिल्म जय हो में काम किया था, ने 

इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो साझा करते हुए लिखा- “Miss you my dear brother Mukul. Rest in peace.”

सलमान का यह संदेश उन हजारों प्रशंसकों के भावों की झलक थी जो मुकुल की विदाई से व्यथित हैं. राहुल देव ने अपने इंस्टाग्राम पर भाई की एक तस्वीर के साथ यह जानकारी साझा की कि मुकुल का निधन नई दिल्ली में हुआ. उन्होंने लिखा: “Our brother Mukul Dev passed away peacefully last night… He’s survived by his daughter Sia Dev.”

टीवी से लेकर फिल्मों तक, एक चमकता सितारा

मुकुल देव ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1996 में टीवी शो मुमकिन से की थी. बाद में घरवाली ऊपरवाली, कस्सिश, श्श्श... फिर कोई है, और कुमकुम – एक प्यारा सा बंधन जैसे चर्चित धारावाहिकों में उन्होंने गहरी छाप छोड़ी। फिल्मों की बात करें तो यमला पगला दीवाना, सन ऑफ सरदार, आर… राजकुमार और जय हो में उनके किरदारों को दर्शकों ने खूब सराहा।

सिर्फ कलाकार नहीं, एक प्रशिक्षित पायलट भी थे मुकुल

दिल्ली में जन्मे मुकुल देव सिर्फ अभिनेता ही नहीं थे- वह एक लाइसेंस प्राप्त कमर्शियल पायलट भी थे. उत्तर प्रदेश के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से प्रशिक्षण लेकर उन्होंने लगभग 10 वर्षों तक पेशेवर रूप से विमान उड़ाया. साथ ही उन्होंने दिल्ली में एक एरोनॉटिकल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट भी संचालित किया. यह संतुलन उन्होंने अभिनय और विमानन- दोनों क्षेत्रों में अद्भुत तरीके से बनाए रखा.

बेटी सिया देव और यादें छोड़ गए पीछे

मुकुल देव अपने पीछे अपनी बेटी सिया देव को छोड़ गए हैं. उनके निधन से भारतीय सिनेमा और टीवी जगत ने एक संवेदनशील, बहुआयामी और प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया है. उनकी विरासत उनकी फिल्मों, उनके परिवार और उन तमाम लोगों में ज़िंदा रहेगी जिन्हें उन्होंने अपने जीवन में प्रेरित किया.