निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में रिलीज के बाद शानदार सफलता हासिल की थी। जबरदस्त एक्शन, भावनात्मक कहानी और स्टार कास्ट की दमदार परफॉर्मेंस की वजह से यह फिल्म दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई। पहले भाग को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद से ही फैंस इसके सीक्वल का इंतजार कर रहे थे। अब मेकर्स ने ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसने फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।
7 मार्च 2026 को सुबह रिलीज हुआ ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर काफी धमाकेदार नजर आ रहा है। ट्रेलर से साफ पता चलता है कि यह फिल्म पहले भाग से ज्यादा बड़ी, डार्क और इंटेंस होने वाली है। इसमें शानदार विजुअल्स, हाई-स्टेक ड्रामा और कई जबरदस्त एक्शन सीन देखने को मिलते हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी इलाके में तनाव फैल जाता है और हमजा वहां का नया बादशाह बनकर उभरता है। इस बार रणवीर सिंह का किरदार पहले से ज्यादा खतरनाक और दमदार नजर आ रहा है।
फिल्म के ट्रेलर में कई बड़े सितारों की झलक देखने को मिलती है। रणवीर सिंह के यंग जसकीरत सिंह रंगी के किरदार की भी झलक दिखाई गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि फिल्म में उनके किरदार की बैकस्टोरी भी दिखाई जाएगी। इसके अलावा मेजर इकबाल के रूप में अर्जुन रामपाल और अजय सान्याल के रूप में आर. माधवन भी एक्शन अवतार में नजर आते हैं। वहीं संजय दत्त एसपी चौधरी असलम के किरदार में दिखाई देते हैं और उनका डायलॉग ‘जहां दर्द है, वहां मर्द है’ ट्रेलर को और भी प्रभावशाली बना देता है।
फिल्म की कहानी में हौसला, बदला और संघर्ष जैसे भावनात्मक पहलुओं को भी दिखाया गया है, जो दर्शकों को कहानी से जोड़ने की कोशिश करते हैं।
मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज से पहले ही इसके रनटाइम को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी थी। बताया गया कि यह ट्रेलर करीब 4 मिनट लंबा है और इसमें भरपूर एक्शन और रोमांच देखने को मिलता है। पहली फिल्म ‘धुरंधर’ का ट्रेलर भी लगभग 4 मिनट 8 सेकंड का था और यूट्यूब पर उसे 93 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय होगा।
पहली फिल्म जहां सिर्फ हिंदी में रिलीज हुई थी, वहीं ‘धुरंधर 2’ को बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी की गई है। यह फिल्म 19 मार्च को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को आदित्य धर ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसका निर्माण आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आएंगे।
‘धुरंधर 2’ में अंडरकवर भारतीय जासूस हमज़ा अली मजारी की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। ट्रेलर देखने के बाद फैंस अब फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।