Dhurandhar The Revenge: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है. हर दिन फिल्म के कलेक्शन में जबरदस्त इजाफा हो रहा है और नए-नए रिकॉर्ड भी बन रहे हैं. देश और विदेश में दर्शकों का क्रेज देखते ही बन रहा है, और बॉलीवुड की कई बड़ी पैन इंडिया फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए यह फिल्म अब सबसे बड़ी हिट बनती जा रही है.
रिलीज़ के 12वें दिन यानी दूसरे मंडे को भी ‘धुरंधर 2’ ने शानदार प्रदर्शन किया. भारत में 17,614 शो में फिल्म ने 25.30 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. घरेलू कलेक्शन अब 872.17 करोड़ नेट और ग्रॉस कलेक्शन 1,042.23 करोड़ तक पहुंच गया है. वहीं विदेशों में 12वें दिन फिल्म ने 8 करोड़ का कलेक्शन किया, जिससे कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 350 करोड़ हो गया. इस तरह दुनिया भर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,392.23 करोड़ रुपये हो गया है.
‘धुरंधर 2’ अब सिर्फ दंगल (2070 करोड़), बाहुबली 2 (1788 करोड़), और पुष्पा 2 (1724 करोड़) जैसी फिल्मों से पीछे है. इसके अलावा, ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म ने बड़े ब्लॉकबस्टर्स को पीछे छोड़ दिया. गल्फ़ देशों में रिलीज न होने के बावजूद फिल्म ने $38 मिलियन कमाए, जिससे बॉबी ($29.4 मिलियन), शोले ($28.2 मिलियन) और पुष्पा 2 ($31 मिलियन) जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए विदेशी बॉक्स ऑफिस में टॉप 15 में जगह बनाई.
रणवीर सिंह की शानदार एक्टिंग और आदित्य धर के निर्देशन ने फिल्म को और खास बना दिया है. इसके अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने भी अपने किरदारों में कमाल दिखाया. फिल्म की कहानी, स्पाई थ्रिल और एक्शन के कॉम्बिनेशन ने दर्शकों को पूरी तरह बांध रखा है. ‘धुरंधर 2’ के पहले पार्ट ने दुनिया भर में 1,300 करोड़ कमाए थे और उम्मीद है कि इसका सीक्वल 2,000 करोड़ के आंकड़े को पार कर सकता है.
‘धुरंधर 2’ ने अपने दमदार प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि बॉलीवुड में पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर फिल्मों का क्रेज़ अभी भी बरकरार है, और रणवीर सिंह की यह फिल्म आने वाले दिनों में और भी रिकॉर्ड्स तोड़ सकती है.