नई दिल्ली : बॉलीवुड एक्टर आमिर खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं. इस बार मामला उनकी आने वाली फिल्म 'सितारे जमीन पर' से जुड़ा है, लेकिन वजह कुछ और है. दरअसल, हाल ही में हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' और भारत-पाकिस्तान तनाव के मुद्दे पर आमिर खान की चुप्पी लोगों को खटक गई थी. अब जब उनकी फिल्म रिलीज के करीब है और उन्होंने इस मुद्दे पर बयान दिया, तो लोग इसे 'मौकापरस्ती' बता रहे हैं और फिल्म को बायकॉट करने की अपील कर रहे हैं.
जैसे ही सोशल मीडिया पर बायकॉट की आवाजें तेज हुईं, आमिर खान प्रोडक्शन ने अपने सभी सोशल मीडिया हैंडल्स की डिस्प्ले पिक्चर हटाकर तिरंगे की फोटों लगा दी. माना जा रहा है कि ये कदम लोगों की नाराजगी को शांत करने के लिए उठाया गया है. हालांकि, कई यूजर्स इसे 'डैमेज कंट्रोल' मान रहे हैं और कह रहे हैं कि अब बहुत देर हो चुकी है.
लोगों का कहना है कि आमिर अब सिर्फ फिल्म प्रमोट करने के लिए देशभक्ति दिखा रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'जब देश को सपोर्ट की जरूरत थी तब चुप थे, अब फिल्म आ रही है तो तिरंगा लगाकर भावुकता बेच रहे हैं.' कई लोग इसे पब्लिसिटी स्टंट कह रहे हैं और BoycottBollywood फिर से ट्रेंड कर रहा है.
हाल ही में एक इवेंट में जब आमिर खान से भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और आतंकी हमलों पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने एबीपी न्यूज से बात करते हुए कहा- 'हमें इंसाफ चाहिए और भरोसा है कि हमारी सरकार जरूर एक्शन लेगी. हम चाहते हैं कि दोबारा कोई हमला न हो.' लोगों का कहना है कि आमिर का ये बयान पहले आ जाना चाहिए था, ना कि फिल्म की रिलीज के वक्त.
फिल्म 'सितारे जमीन पर' का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च हुआ है, जिसमें आमिर खान और जेनेलिया देशमुख लीड रोल में हैं. फिल्म में 10 नए चेहरों को भी मौका दिया गया है. ये फिल्म 20 जून, 2025 को रिलीज होने जा रही है.
हालांकि फिल्म की कहानी या कास्टिंग से ज्यादा फिलहाल चर्चा फिल्म के आसपास बने विवाद की हो रही है, जिससे साफ है कि इसका असर बॉक्स ऑफिस पर भी पड़ सकता है.