Logo

सुबह की हल्की बारिश ने बदला पंजाब का मौसम! एक ही दिन में 5 डिग्री C तक गिरा तापमान

हल्की बारिश के चलते गुरदासपुर के तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे मौसम ठंडा हो गया है। बुधवार को फिर बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बाद तापमान तेजी से बढ़ेगा और मौसम फिर गर्म हो जाएगा।

👤 Ashwani Kumar 08 Apr 2026 12:03 PM

Punjab Weather Update: मंगलवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में हुई हल्की बारिश ने मौसम का पूरा रुख बदल दिया। भले ही बारिश ज्यादा नहीं हुई, लेकिन इसका असर तापमान पर साफ देखने को मिला। अचानक आई ठंडक ने लोगों को एक बार फिर सर्द मौसम का एहसास करा दिया।

तापमान में आई बड़ी गिरावट

सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था, वहीं मंगलवार को यह गिरकर 21 डिग्री तक पहुंच गया। एक ही दिन में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान फिलहाल 15 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे पूरे दिन हल्की ठंड बनी रही। करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं ने मौसम को और सुहावना बना दिया।

बुधवार को फिर बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसी कारण बुधवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम 14-15 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार के बाद मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। गुरुवार से अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री तक पहुंच सकता है। शुक्रवार और शनिवार को गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है।

स्वास्थ्य पर भी पड़ा असर

अचानक हुए इस बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ सकता है। डॉक्टरों ने सर्दी-जुकाम, बुखार और अस्थमा के मरीजों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव करने की जरूरत है। हालांकि यह ठंड ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली, लेकिन फिलहाल लोग इस सुहावने मौसम का पूरा आनंद ले रहे हैं। ठंडी हवाएं और हल्की बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन जल्द ही तापमान फिर से बढ़ने वाला है।