Punjab Weather Update: अप्रैल की शुरुआत में तेज गर्मी झेल रहे पंजाब के लोगों को अब राहत मिली है। शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट ली और राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश ने तापमान को नीचे गिरा दिया, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
बारिश और ठंडी हवाओं का असर साफ तौर पर तापमान पर देखने को मिला। ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अमृतसर और होशियारपुर में तापमान सबसे कम रहा, जहां पारा 26 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश का स्तर भी अलग-अलग रहा। फाजिल्का में सबसे ज्यादा 18.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पठानकोट में 10.5 मिलीमीटर, बठिंडा में 4.3 मिलीमीटर और अन्य जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली।
मौसम में इस बदलाव का असर खेती पर भी पड़ सकता है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल लगभग पककर तैयार है, खासकर लेट बुवाई वाली फसल कटाई के करीब पहुंच चुकी है।
विशेषज्ञों के मुताबिक हल्की बारिश से फसल को नुकसान नहीं होगा, लेकिन तेज बारिश या ओलावृष्टि नुकसान पहुंचा सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल खेतों में सिंचाई न करें और मौसम के पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखें।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पंजाब में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। हालांकि 5 और 6 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को फिर से मौसम खराब हो सकता है। इस दौरान तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पंजाब में मौसम का यह बदलाव जहां एक ओर राहत लेकर आया है, वहीं दूसरी ओर आने वाले दिनों के लिए सावधानी बरतना भी जरूरी हो गया है।