Logo

पंजाब में मौसम का कहर! तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, अगले 48 घंटे रहेंगे बेहद खतरनाक

Punjab Weather: पंजाब में 6 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

👤 Ashwani Kumar 06 Apr 2026 12:50 PM

Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 6 अप्रैल से राज्य के कई इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि आने वाले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

कई जिलों में खराब मौसम के आसार

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के लगभग 20 जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। इनमें से 14 जिलों में बारिश और 6 जिलों में तेज आंधी को लेकर चेतावनी दी गई है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला जैसे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

पिछले 24 घंटों में तापमान में लगभग 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। फरीदकोट में सबसे अधिक तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट देखने को मिल सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की वजह

मौसम में यह अचानक बदलाव ‘पश्चिमी विक्षोभ’ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। यह सिस्टम इस समय पाकिस्तान और पंजाब के आसपास प्रभावी है, जिससे बादल, बारिश और हवाओं की गतिविधि बढ़ गई है। इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन भी सक्रिय है, जो अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के दौरान घर से बाहर निकलने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।