Logo

पंजाब में फिर बदलेगा मौसम! बारिश-आंधी का अलर्ट, 50 Km/h की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Punjab Weather: पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.

👤 Ashwani Kumar 18 Mar 2026 11:57 AM

Punjab Weather Today: पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. हाल ही में हुई बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में तेज गिरावट आई थी, जिससे मार्च के महीने में भी ठंड का अहसास होने लगा था.

हालांकि, सोमवार को मौसम साफ रहने के कारण दिन के तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली और मौसम कुछ हद तक सुहावना हो गया.

फिर बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च से अगले तीन दिनों के दौरान मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर और मोहाली जैसे जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. इसी को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने संतरी चेतावनी जारी की है, ताकि लोग सतर्क रहें.

पश्चिमी विक्षोभ बना बदलाव की वजह

मौसम में इस बदलाव का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) को माना जा रहा है. यह सिस्टम पहाड़ी इलाकों तक पहुंच चुका है और इसके पीछे एक और नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है. इसके अलावा हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में वायुदाब में बदलाव के कारण चक्रवाती परिस्थितियां बन रही हैं, जो मौसम को और ज्यादा प्रभावित कर रही हैं.

तापमान में होगा उतार-चढ़ाव

फिलहाल पंजाब के अधिकांश शहरों में तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद बारिश और बादलों के कारण 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में मौसम लगातार बदलता रहेगा.

मौसम विभाग के डायरेक्टर के अनुसार 18, 19 और 21 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पहले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ेगा, जबकि उसके बाद 5 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

क्या रखें ध्यान?

ऐसे बदलते मौसम में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर किसानों और यात्रियों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए. कुल मिलाकर, पंजाब और चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता रहेगा.