Logo

पंजाब में मौसम ने ली अचानक करवट! तेज बारिश और हवाओं से गर्मी से राहत, इन जिलों में अलर्ट

Punjab Weather Alert: पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और अमृतसर में तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 16 मार्च के बीच कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

👤 Ashwani Kumar 12 Mar 2026 11:16 AM

Punjab Weather: पंजाब के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। खासकर अमृतसर में तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी के बीच इस बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। मौसम में इस अचानक बदलाव के कारण शहर में ठंडक महसूस की जा रही है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल पूरे राज्य में भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

तापमान में गिरावट, फिर भी सामान्य से ज्यादा

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब में अधिकतम तापमान में करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5.8 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भाखड़ा डैम क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

14 मार्च से मौसम में फिर बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य के ज्यादातर जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि 14 मार्च से 16 मार्च के बीच मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को मुख्य रूप से पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।वहीं 15 मार्च को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दिन पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, पटियाला और रूपनगर जैसे जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। अगर ऐसा होता है तो तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम में बदलाव और बढ़ते तापमान को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कुछ जरूरी सलाह दी है। किसानों को खेतों में मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए फसलों की समय पर सिंचाई करने को कहा गया है। खासकर गेहूं, सरसों, गोभी और आलू की फसलों के लिए सिंचाई जरूरी बताई गई है। इससे फसल की बढ़वार बेहतर होगी और उत्पादन पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।