Punjab Weather: पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज से राज्य में बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं और आंधी चलने के आसार भी जताए गए हैं। इस बदलाव के चलते जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर मौसम अचानक खराब होने से सतर्क रहने की जरूरत भी है।
मौसम विभाग ने 28 से 30 मार्च के बीच पूरे पंजाब में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। 28 मार्च को बरनाला, संगरूर, पटियाला, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, फिरोजपुर और मोगा जैसे जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 29 मार्च को पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है, जिससे मौसम के और ज्यादा बिगड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, गुरदासपुर, पठानकोट और फतेहगढ़ साहिब समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है।
इस मौसम बदलाव का सीधा असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तेज हवाओं और आंधी के कारण कुछ जगहों पर जनजीवन प्रभावित भी हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
पंजाब में आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं। बारिश और आंधी जहां गर्मी से राहत देगी, वहीं सतर्कता भी जरूरी होगी। ऐसे में मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखना बेहद जरूरी है।