Logo

Punjab News: पंजाब में गैंगस्टरों पर सबसे बड़ा हमला! ऑपरेशन प्रहार में 1314 सहयोगी हिरासत में

Operation Prahar: मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘गैंगस्टर मुक्त पंजाब’ मिशन के तहत पंजाब पुलिस ने राज्यव्यापी ऑपरेशन प्रहार शुरू किया. पहले ही दिन 12 हजार पुलिसकर्मियों की कार्रवाई में विदेश बैठे गैंगस्टरों के 1314 सहयोगियों को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने जनता से सहयोग के लिए हेल्पलाइन भी जारी की है.

👤 Ashwani Kumar 22 Jan 2026 01:20 PM

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ‘गैंगस्टर मुक्त पंजाब’ के विजन को जमीन पर उतारते हुए पंजाब पुलिस ने मंगलवार को पूरे राज्य में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की शुरुआत की. इस विशेष अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए उनके 1314 सहयोगियों और साथियों को हिरासत में लिया है. इस कार्रवाई से संगठित अपराध के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है.

72 घंटे का मेगा एक्शन, 12 हजार पुलिसकर्मी मैदान में

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि यह ऑपरेशन 72 घंटों तक चलने वाली एक व्यापक कार्रवाई है. इसके तहत राज्यभर में 2000 से अधिक पुलिस टीमें बनाई गई हैं, जिनमें करीब 12,000 पुलिसकर्मी शामिल हैं. सभी टीमों ने एक साथ अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर गैंगस्टरों के नेटवर्क को निशाना बनाया.

DGP ने बताया कि पुलिस का मुख्य फोकस उन 60 विदेशी गैंगस्टरों पर है, जो विदेश से पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं. इन गैंगस्टरों से जुड़े ठिकानों और संपर्कों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया था.

पहले दिन 1314 संदिग्ध हिरासत में

विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने ऑपरेशन के शुरुआती नतीजों की जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन की कार्रवाई में 1314 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है. इन सभी से उनके आपराधिक संबंधों, गैंगस्टरों से संपर्क और भविष्य की संभावित साजिशों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार का उद्देश्य सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि गैंगस्टरों के जमीनी नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ना है, ताकि भविष्य में संगठित अपराध को दोबारा पनपने का मौका न मिले.

विदेश से चल रहे अपराध नेटवर्क पर सख्त नजर

पंजाब पुलिस के अनुसार, कई गैंगस्टर विदेश में बैठकर सोशल मीडिया, कॉल और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए अपने नेटवर्क को चला रहे हैं. ऑपरेशन प्रहार के जरिए ऐसे नेटवर्क, फंडिंग चैनल और स्थानीय मददगारों को खत्म करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आने वाले समय में और भी तेज की जाएगी.

नागरिकों से सहयोग की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी

पंजाब पुलिस ने इस मुहिम में आम जनता से सहयोग की अपील की है. विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने कहा कि संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एक विशेष एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया है. इस नंबर पर कोई भी नागरिक वांछित अपराधियों, गैंग गतिविधियों या संदिग्ध हरकतों की सूचना दे सकता है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

ऑपरेशन प्रहार को पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है. पहले ही दिन मिली सफलता से साफ है कि पुलिस इस बार गैंगस्टरों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के मूड में है. आने वाले 72 घंटों में इस ऑपरेशन से और भी बड़े खुलासों की उम्मीद की जा रही है.