पंजाब में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं अब यह बारिश निचले इलाकों के लिए संकट बनती जा रही है. मौसम विभाग ने 1 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन इलाकों में जो ब्यास नदी और डैमों के करीब हैं.
राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया गया है और यह संभावना जताई गई है कि अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को संगरूर, रूपनगर और पटियाला जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है वहीं, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, मालेरकोटला, फतेहगढ़ साहिब, तरनतारन और मोगा जैसे जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 1 और 2 जुलाई को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के आसार बने हुए हैं.
हिमाचल में बारिश, पंजाब में बाढ़ का खतरा पंजाब में बाढ़ की चेतावनी का मुख्य कारण हिमाचल प्रदेश में हो रही तेज बारिश है, जिससे पंजाब के डैमों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है. इससे ब्यास नदी का जलस्तर भी लगातार ऊपर जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना बन गई है.
प्रशासन ने की अपील, लोगों से बरतें सतर्कता राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करें और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। खासकर जिन इलाकों में बाढ़ का खतरा ज्यादा है, वहां रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर स्थानांतरित होने की तैयारी रखें.