Punjab Weather Update: इस बार पंजाब और चंडीगढ़ में फरवरी का मौसम काफी अलग रहा। पिछले 15 सालों में यह दूसरी बार है जब फरवरी में इतनी कम बारिश हुई है। आमतौर पर जितनी बारिश होती है, उससे करीब 95 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। पूरे महीने में सिर्फ 1.7 मिलीमीटर पानी बरसा।महीने के आखिरी दिन तो गर्मी ने और हैरान कर दिया। तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह पिछले 14 सालों में फरवरी का चौथा सबसे गर्म दिन रहा।
फरवरी खत्म होते-होते ही गर्मी महसूस होने लगी थी। अब मार्च के पहले हफ्ते से ही अप्रैल जैसी गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग और अन्य एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है।
इस तरह की जल्दी आने वाली गर्मी का असर खेती, पानी और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। इस बार सर्दी बहुत कम समय के लिए रही। जनवरी में थोड़ी ठंड पड़ी, लेकिन फरवरी में तापमान तेजी से बढ़ गया।
मौसम के जानकारों के अनुसार इसकी बड़ी वजह कमजोर पश्चिमी विक्षोभ है। सर्दियों में यही सिस्टम पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश कराता है। इस बार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी लगभग 50 फीसदी कम बर्फबारी और बारिश हुई। पहाड़ों पर कम बर्फ गिरने का असर मैदानों में साफ दिखा। ठंडी हवाएं नीचे तक नहीं पहुंच पाईं, जिससे तापमान लगातार बढ़ता गया। इसी कारण पंजाब, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में सर्दी ज्यादा महसूस नहीं हुई।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 4 मार्च के बाद तापमान और तेजी से बढ़ सकता है। अभी मार्च में किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं दिख रही। अगर हल्की बारिश भी हो जाए, तो उससे ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजस्थान की तरफ से आने वाली हवाएं भी धीरे-धीरे गर्म हो रही हैं। वहां तापमान बढ़ने से ये हवाएं और ज्यादा गर्म होकर पंजाब और चंडीगढ़ पहुंचेंगी। आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक ज्यादा रह सकता है।