Logo

सीमा से 2 किमी दूर दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या! ड्रोन, आतंकी या गैंगस्टर कनेक्शन? पंजाब में हाई अलर्ट

Punjab border news: भारत-पाक सीमा के पास दोरांगला सेक्टर की एक पुलिस चौकी पर दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे पंजाब में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ड्रोन तस्करी, आतंकी हमले और गैंगस्टर साजिश जैसे कई एंगल से जांच कर रही है।

👤 Ashwani Kumar 23 Feb 2026 12:11 PM

Punjab News: भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक दोरांगला सेक्टर में स्थित एक पुलिस चेक पोस्ट पर दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना गांव आधियां में बनी चौकी के अंदर हुई, जहां दोनों जवानों के शव खून से लथपथ हालत में मिले। घटना के बाद पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ड्यूटी के दौरान मारे गए दोनों जवान

मृतकों की पहचान असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार के रूप में हुई है। दोनों रात की ड्यूटी पर तैनात थे। शुरुआती जांच में उनके शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से छह खाली खोल भी बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने लगातार फायरिंग की। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बीएसएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल डेटा भी खंगाला जा रहा है।

सरकार का मुआवजा ऐलान

पंजाब सरकार ने दोनों शहीद जवानों के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके साहस को नमन करते हुए कहा कि सरकार उनके परिवारों के साथ खड़ी है। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से भी एक-एक करोड़ रुपये की बीमा राशि दी जाएगी।

जांच के तीन बड़े एंगल

पुलिस इस मामले की जांच तीन मुख्य पहलुओं से कर रही है।

  • पहला: आपसी विवाद या आत्महत्या का शक था, लेकिन जांच में एएसआई की कार्बाइन में गोलियां पूरी मिलने से यह संभावना कमजोर हो गई।
  • दूसरा: चौकी सीमा से करीब दो किलोमीटर दूर होने के कारण आतंकी हमले की आशंका भी देखी जा रही है। हालांकि हथियार मौके पर ही मिलने से यह एंगल भी स्पष्ट नहीं है।
  • तीसरा: गैंगस्टर साजिश या संगठित तस्करी नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सीमा पार से ड्रोन के जरिए अवैध सामान गिराए जाने और उसे उठाने आए संदिग्धों से मुठभेड़ की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

परिवार और राजनीतिक प्रतिक्रिया

एएसआई गुरनाम सिंह गुरदासपुर जिले के दीनानगर क्षेत्र के निवासी थे और उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। घटना पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सीबीआई जांच की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।