Logo

नवजोत कौर सिद्धू की नई पार्टी! पंजाब की सियासत में बड़ा झटका, जनता को मिलेगा नया विकल्प!

Punjab Assembly Election: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी नई पार्टी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर एक नया विकल्प बनाने का संकल्प लिया है।

👤 Ashwani Kumar 07 Apr 2026 10:19 AM

Punjab Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी की घोषणा कर दी है। उन्होंने इसे भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी का नाम दिया है। यह ऐलान सोमवार, 6 अप्रैल को देर रात उनके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से किया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर नए विकल्प का संकल्प

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि वह लंबे समय से इस दिन की प्रतीक्षा कर रही थीं। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर एक नया राजनीतिक विकल्प पेश करना है और अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित करना है। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि इस पार्टी के जरिए वे जनता को वह सब कुछ वापस देना चाहती हैं, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनके साथ समान विचारधारा वाले लोग जुड़े हैं, जो प्रत्येक राज्य में न्याय, शांति और प्रेम के माध्यम से कार्य करने का साझा लक्ष्य रखते हैं। उनके अनुसार, यह टीम क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ जनता की सेवा के लिए काम करेगी।

पंजाब का खोया हुआ गौरव लौटाने का लक्ष्य

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पंजाब को उसके खोए हुए गौरव की ओर लौटाना है। उनका कहना है कि वे एक ऐसा राज्य बनाना चाहते हैं जहां लोग प्रेम, साझाकरण, न्याय और स्वतंत्रता के अधिकार को समझें और निस्वार्थ सेवा व आध्यात्मिक विकास की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी का काम पंजाब की जनता की भलाई के लिए होगा जनता की, जनता के लिए और जनता द्वारा। 

सियासी हलचल और भविष्य की राह

नवजोत कौर सिद्धू की यह घोषणा पंजाब की सियासत में नई हलचल लेकर आई है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी की भूमिका अहम होने वाली है। उनके राजनीतिक कदम से विपक्षी दलों और कांग्रेस को चुनौती मिलने की संभावना है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नवजोत कौर सिद्धू की नई पार्टी पंजाब की राजनीति में नया विकल्प और दिशा दे सकती है, खासकर उन लोगों के लिए जो पारंपरिक दलों से संतुष्ट नहीं हैं।