पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 90 के दशक के मशहूर गायक दीपा दोसांझ का निधन हो गया है। उनके अचानक चले जाने से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में बसे उनके फैंस भी इस खबर से गहरे सदमे में हैं। दीपा दोसांझ के निधन की खबर मिलते ही पंजाबी इंडस्ट्री के कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त करना शुरू कर दिया।
उनका जाना सिर्फ एक गायक का निधन नहीं, बल्कि एक युग का अंत माना जा रहा है। उन्होंने अपनी गायकी से लाखों दिलों में जगह बनाई थी और पंजाबी संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
मशहूर गायक और संगीतकार सुखशिंदर शिंदा ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पंजाबी संगीत जगत ने एक सच्चा हीरा खो दिया है। उनके इस संदेश से साफ झलकता है कि दीपा दोसांझ अपने साथियों और इंडस्ट्री के लोगों के लिए कितने खास थे।
दीपा दोसांझ को सबसे ज्यादा पहचान उनके सुपरहिट गाने ढोला वे ढोला से मिली। यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी हर पंजाबी शादी और समारोह में बजता है। इस गीत ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था। उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था।
दीपा दोसांझ ने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि ब्रिटिश एशियन म्यूजिक इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने पंजाबी संस्कृति और भाषा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी गायकी में पारंपरिक और आधुनिक संगीत का बेहतरीन मेल देखने को मिलता था। दीपा दोसांझ का निधन पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी आवाज और उनके गाने हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।