पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बठिंडा पुलिस को अहम सफलता मिली है. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 6.5 किलो अफीम बरामद की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह ऑपरेशन राज्य स्तर पर चल रहे ‘नशा मुक्त’ अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसके तहत लगातार चेकिंग और छापेमारी की जा रही है.
जानकारी के अनुसार 14 फरवरी को थाना कैनाल कॉलोनी के अधीन चौकी वर्धमान की पुलिस टीम ने बादल-बठिंडा रोड पर महाराजा रंजीत सिंह तकनीकी विश्वविद्यालय के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी. पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बठिंडा-डबवाली रोड की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया.
कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के पास से 4 किलो अफीम बरामद हुई. पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया और गहन पूछताछ शुरू की.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगसीर सिंह उर्फ सीरा और महिंदर सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान जगसीर सिंह ने एक और जगह पर छिपाकर रखी गई अफीम के बारे में जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 2.5 किलो अतिरिक्त अफीम बरामद की. इस तरह कुल बरामदगी 6.5 किलो तक पहुंच गई. पुलिस ने आरोपियों की कार भी जब्त कर ली है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अफीम राजस्थान से लाकर पंजाब में सप्लाई करने की तैयारी में थे. पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी लोग हो सकते हैं. इसी कड़ी में आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं.
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जगसीर सिंह के खिलाफ पहले भी नशीले पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं, जबकि महिंदर सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड फिलहाल सामने नहीं आया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और समाज को सुरक्षित बनाना है.