Logo

कांग्रेस और अकाली दल को झटका, मोगा में करीब 100 परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल

पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी को बड़ी सफलता मिली है, जहां वार्ड नंबर 25 के करीब 100 परिवार कांग्रेस और अकाली दल छोड़कर आप में शामिल हो गए।

👤 Saurabh 04 Aug 2025 05:35 PM

पंजाब के मोगा जिले के वार्ड नंबर 25 में आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल हुई है। यहां कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल से जुड़े लगभग 100 परिवारों ने अपनी पुरानी पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इन परिवारों ने आम आदमी पार्टी की नीतियों और पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रही सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर यह फैसला लिया।

इन सभी परिवारों का पार्टी में स्वागत करने के लिए मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने खुद मोर्चा संभाला और उन्हें पार्टी की परंपरा अनुसार ‘सरोपा’ पहनाकर सम्मानपूर्वक पार्टी में शामिल किया। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि पंजाब की जनता अब आम आदमी पार्टी की सोच और काम के तरीके से खुद को ज्यादा जुड़ा हुआ महसूस कर रही है।

इस मौके पर डॉ. अरोड़ा ने कहा कि लोगों ने उन्हें वार्ड में कुछ अधूरे कार्यों की जानकारी दी है, जिन्हें जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि आम आदमी पार्टी की सरकार वादों को निभाने में विश्वास रखती है और जो भी घोषणाएं की गई थीं, उन्हें धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करना और हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले समय में और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

इस घटनाक्रम से यह भी साफ संकेत मिलते हैं कि आम आदमी पार्टी का प्रभाव पंजाब में बढ़ रहा है और दूसरे राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और समर्थक भी अब ‘आप’ में अपनी राजनीतिक भविष्य तलाश रहे हैं। यह पार्टी की जनाधार बढ़ाने की दिशा में एक और मजबूत कदम है।