भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने निलंबन के बाद आईपीएल को 30 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है। टूर्नामेंट 16 या 17 मई से फिर शुरू हो सकता है, और इसके बाकी मैच चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में कराए जा सकते हैं। नया शेड्यूल रविवार रात तक सभी फ्रेंचाइज़ियों को भेजा जाएगा।
कुछ टीमों ने चिंता जताई है कि उनके विदेशी खिलाड़ी अपने-अपने देशों में लौट गए हैं, और उन्हें वापस लाना मुश्किल हो सकता है। बीसीसीआई ने सभी टीमों को अपने खिलाड़ियों की यात्रा योजनाएं जल्द साझा करने को कहा है। पंजाब किंग्स को छोड़कर सभी टीमों को मंगलवार तक अपने स्थान पर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।
आईपीएल के फाइनल की नई तारीख 30 मई रखी गई है। चूंकि 12 मैच बाकी हैं और प्लेऑफ व फाइनल के लिए 6 दिन लगते हैं, इसलिए टूर्नामेंट खत्म करने के लिए डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) कराए जाएंगे।
आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए युद्ध विराम के बाद वे टूर्नामेंट को फिर शुरू करने की संभावना पर विचार कर रहे हैं। सरकार से सलाह लेने के बाद ही अंतिम निर्णय होगा।
धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला मैच सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया, क्योंकि फ्लडलाइट बंद हो गई थी। धूमल ने कहा कि यह एहतियातन कदम था।