Logo

T20 वर्ल्ड कप में बड़ा खेल! सेमीफाइनल का वेन्यू बदला? जानें किस शहर को मिलेगा मेजबानी का मौका

ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले का वेन्यू टीमों के क्वालीफाई करने पर निर्भर करेगा। पाकिस्तान, श्रीलंका और भारत की स्थिति के आधार पर मैच कोलंबो, कोलकाता या मुंबई में शिफ्ट हो सकता है। इस बदलाव ने टूर्नामेंट के रोमांच को और बढ़ा दिया है।

👤 Ashwani Kumar 24 Feb 2026 01:29 PM

T20 World Cup Semi Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल तय शहर में नहीं, बल्कि ‘फ्लोटिंग वेन्यू’ पर खेला जा सकता है। यानी यह मैच परिस्थितियों और क्वालीफाई करने वाली टीमों के आधार पर अलग-अलग शहरों में शिफ्ट हो सकता है।

फ्लोटिंग वेन्यू क्या है?

आईसीसी के ताजा शेड्यूल के अनुसार सेमीफाइनल-1 का आयोजन या तो आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा या फिर ईडन गार्डन्स में। अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो 4 मार्च को उसका मैच कोलंबो में खेला जाएगा। वहीं अगर पाकिस्तान बाहर हो जाता है और श्रीलंका क्वालीफाई करता है (और उसका सामना भारत से नहीं होता), तो भी सेमीफाइनल-1 कोलंबो में ही होगा। लेकिन अगर पाकिस्तान और श्रीलंका दोनों सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाते, तो यह मुकाबला कोलकाता में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

वेन्यू बदलने की वजह क्या है?

वेन्यू में बदलाव के पीछे मुख्य कारण भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका से जुड़ी व्यवस्थाएं हैं। बीसीसीआई और पीसीबी के बीच हुए समझौते के अनुसार पाकिस्तान भारत में कोई मैच नहीं खेलेगा। इसलिए अगर पाकिस्तान क्वालीफाई करता है, तो उसका सेमीफाइनल भारत में नहीं रखा जाएगा।

दूसरी ओर, श्रीलंका टूर्नामेंट का सह-आयोजक है। ऐसे में अगर वह सेमीफाइनल में पहुंचता है, तो उसे अपने घरेलू मैदान का फायदा देने के लिए मैच कोलंबो में रखा जा सकता है।

भारत का सेमीफाइनल कहां होगा?

अगर भारत सेमीफाइनल में जगह बनाता है, तो उसका मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार वानखेड़े स्टेडियम में होगा। हालांकि एक खास स्थिति में बदलाव संभव है। यदि भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो मुकाबला मुंबई से हटाकर कोलंबो में कराया जा सकता है।

कोलकाता क्यों बना विकल्प?

अगर भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका - तीनों में से कोई भी सेमीफाइनल में नहीं पहुंचता है, तो सुपर-8 ग्रुप-1 की टॉप टीम और ग्रुप-2 की दूसरी टीम के बीच मुकाबला कोलकाता में होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा।

यह फैसला पहले घोषित शेड्यूल में बदलाव के बाद सामने आया है। पहले सिर्फ पाकिस्तान के क्वालीफाई करने की स्थिति में कोलंबो में मैच की बात कही गई थी। अब सभी की नजरें इस पर हैं कि आखिर कौन सी टीमें अंतिम चार में जगह बनाती हैं, क्योंकि उसी के आधार पर तय होगा कि सेमीफाइनल का रोमांच किस शहर में देखने को मिलेगा।