पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव के बीच रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों के संचालन में बड़े बदलाव किए हैं. जम्मू और कटरा की ओर से आने वाली अधिकतर ट्रेनें अपने तय समय से घंटों देरी से पहुंच रही हैं. कई ट्रेनों की लेटलतीफी 15 घंटे तक पहुंच गई है, जिससे यात्रियों को स्टेशनों पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के लिए कुछ स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया है. 12 मई को अमृतसर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत स्पेशल ट्रेन 02464 चलाई गई, जो दोपहर 3:55 बजे रवाना होकर रात 10:25 बजे दिल्ली पहुंची. इसी तरह, शहीद कप्तान तुषार महाजन रेलवे स्टेशन से भी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन 02462 चलाई गई, जो जालंधर कैंट होते हुए दिल्ली पहुंची.
ट्रेनों के लेट होने की बात करें तो लुधियाना और जालंधर से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनें भी बुरी तरह प्रभावित हुईं. स्वर्ण शताब्दी करीब 45 मिनट की देरी से जालंधर पहुंची, वहीं शान-ए-पंजाब 20 मिनट लेट रही। आम्रपाली एक्सप्रेस (15707) 5 घंटे की देरी से दोपहर बाद पहुंची. जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस (14673) 3 घंटे, टाटानगर-अमृतसर (18101) लगभग 6 घंटे लेट रही.
स्थानीय ट्रेनों का हाल भी कुछ खास बेहतर नहीं रहा. नंगल डैम से अमृतसर जाने वाली ट्रेन करीब डेढ़ घंटे लेट रही, जबकि पठानकोट-जालंधर लोकल ट्रेन 2 घंटे की देरी से पहुंची. जम्मू तवी और कटरा से रवाना होने वाली ट्रेनों की स्थिति और भी खराब रही. कालका एक्सप्रेस (14504) करीब 15.5 घंटे लेट रही, जबकि उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12446) रिकॉर्ड 17 घंटे की देरी से जालंधर पहुंची. अमृतसर-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (22424) भी 5 घंटे लेट रही.