Jeans Washing Tips: आज के दौर में जीन्स सिर्फ पहनने का कपड़ा नहीं, बल्कि हर उम्र के लोगों की डेली लाइफ का जरूरी हिस्सा बन चुकी है। चाहे कॉलेज जाना हो, ऑफिस का काम हो या दोस्तों के साथ घूमना- एक अच्छी जीन्स हर मौके पर आराम और स्टाइल दोनों देती है। लेकिन अक्सर लोग इसकी देखभाल में लापरवाही कर देते हैं, खासकर इसे धोने के मामले में। कोई इसे हर बार पहनने के बाद धो देता है, तो कोई बहुत लंबे समय तक बिना धोए ही इस्तेमाल करता रहता है। सही तरीका इन दोनों के बीच में है- जहां जरूरत के हिसाब से सफाई हो और जीन्स की क्वालिटी भी बनी रहे।
जीन्स को कब धोना है, इसका कोई एक तय नियम नहीं होता। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप उसे कितनी बार पहनते हैं, मौसम कैसा है और आपकी डेली एक्टिविटी कैसी है।
आमतौर पर 8–12 बार पहनने के बाद जीन्स धोना सही माना जाता है। अगर आप बहुत गर्मी या पसीने वाली जगह पर हैं, तो 2–3 बार पहनने के बाद ही धो लेना बेहतर होता है। वहीं ठंड के मौसम में आप इसे 6–8 बार पहनने के बाद भी धो सकते हैं।
ध्यान रखें, जरूरत से ज्यादा धोने से जीन्स का रंग हल्का पड़ सकता है और उसकी फिटिंग भी ढीली हो सकती है।
हमेशा जीन्स को अंदर की तरफ पलटकर धोएं। इससे उसका बाहरी रंग सुरक्षित रहता है और जल्दी फीका नहीं पड़ता।
जीन्स धोने के लिए ठंडा या हल्का गुनगुना पानी बेहतर होता है। गर्म पानी कपड़े को नुकसान पहुंचा सकता है और जीन्स सिकुड़ भी सकती है।
माइल्ड डिटर्जेंट जीन्स के लिए सही रहता है। तेज केमिकल वाले डिटर्जेंट रंग और कपड़े दोनों को खराब कर सकते हैं।
हर बार पहनने के बाद जीन्स धोना जरूरी नहीं है। ऐसा करने से कपड़ा जल्दी कमजोर हो सकता है और उसका लुक भी खराब हो जाता है।
जीन्स को तेज धूप में सुखाने के बजाय छांव या हवा वाली जगह पर सुखाएं। इससे उसका रंग लंबे समय तक बना रहता है।
अगर आप चाहते हैं कि आपकी जीन्स लंबे समय तक नई जैसी दिखे, तो उसे सही तरीके से धोना और संभालना बहुत जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी से आप अपनी पसंदीदा जीन्स की लाइफ, फिट और रंग- तीनों को लंबे समय तक बरकरार रख सकते हैं।