Logo

Nihilist Penguin video: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पेंगुइन वीडिया क्या सीख देता है, अकेले क्यों चल रहा?

Nihilist Penguin video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पेंगुइन पहाड़ की ओर जा रही है अपने पूरे ग्रुप से आगे निकल वो कोई और रास्ता पकड़ रही है. ये वीडियो आफने जरूर देखा होगा. आइए जानते हैं क्या है इसमें खास-

👤 Samachaar Desk 26 Jan 2026 04:06 PM

Nihilist Penguin video: कभी-कभी ऑफिस की कुर्सी पर बैठे-बैठे मन करता है कि सब कुछ छोड़कर कहीं ऐसी जगह चला जाए जहां कोई सवाल न हो, कोई जिम्मेदारी न हो, बस शांति हो. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ये एहसास बहुत आम है. शायद इसी वजह से इन दिनों सोशल मीडिया पर एक पेंगुइन का वीडियो लोगों के दिल को छू रहा है.

हैरानी की बात ये है कि ये वीडियो कोई नया नहीं है. ये करीब बीस साल पुराना है, लेकिन जनवरी 2026 में अचानक सोशल मीडिया पर छा गया. लोग इसे शेयर कर रहे हैं, इस पर तरह-तरह के मीम बना रहे हैं और इसे एक नाम भी दे दिया गया है - निहिलिस्ट पेंगुइन.

वीडियो में ऐसा क्या है खास?

ये क्लिप फेमस फिल्ममेकर वर्नर हर्जोग की डॉक्यूमेंट्री Encounters at the End of the World से ली गई है. ये डॉक्यूमेंट्री अंटार्कटिका में मौजूद वैज्ञानिकों और वहां रहने वाले जानवरों की जिंदगी को दिखाती है.

एक सीन में सैकड़ों पेंगुइन समुद्र की तरफ बढ़ते नजर आते हैं. समुद्र ही उनके लिए खाना और जीवन का सहारा है. सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन तभी कैमरा एक अलग कहानी पकड़ लेता है.

भीड़ से अलग चलता एक पेंगुइन

उसी झुंड में से एक पेंगुइन अचानक रास्ता बदल लेता है. वो समुद्र की तरफ जाने के बजाय उल्टी दिशा में, सूखे और सुनसान पहाड़ों की ओर चल पड़ता है. डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि ये रास्ता उसके लिए खतरनाक है. वहां न खाना है, न पानी और न ही कोई दूसरी पेंगुइन कॉलोनी.

वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगर उस पेंगुइन को जबरदस्ती पकड़कर वापस भी ले जाया जाए, तो वो फिर से उसी दिशा में चल पड़ता है. जैसे उसने तय कर लिया हो कि उसे भीड़ के साथ नहीं जाना.

सोशल मीडिया से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता

जनवरी 2026 में ये क्लिप टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर अचानक वायरल हो गई. लोगों ने इसमें टेक्स्ट जोड़ा, अलग-अलग एडिट किए और बैकग्राउंड में L’Amour Toujours गाना लगाया. धीमी धुन और अकेले चलते पेंगुइन की तस्वीर ने वीडियो को और भी भावुक बना दिया.

क्यों खुद को इसमें देख रहे हैं लोग?

आज की जिंदगी में बहुत से लोग खुद को थका हुआ महसूस करते हैं. काम का दबाव, रिश्तों की उलझन, पैसों की चिंता और हर वक्त बेहतर साबित होने की दौड़ - इन सबके बीच कभी-कभी मन करता है कि सब पीछे छोड़ दिया जाए.

वो पेंगुइन बिना कुछ बोले वही बात कह देता है. शायद इसी वजह से लोग उसे निहिलिस्ट पेंगुइन कह रहे हैं- एक ऐसा किरदार जिसे अब किसी की उम्मीदों या दुनिया की परवाह नहीं, जो बस अपने रास्ते पर चल रहा है.