Logo

चूहों वाली देवी के दर पर मोदी! करणी माता मंदिर में की खास पूजा, देशभर में 103 नए स्टेशन किए लॉन्च- VIDEO

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर जिले में स्थित प्रसिद्ध करणी माता मंदिर (जिसे 'चूहों का मंदिर' भी कहा जाता है) का दौरा किया. उन्होंने देवी करणी माता की पूजा-अर्चना की और मंदिर प्रबंधन से मंदिर की प्रतिकृति भेंट स्वरूप प्राप्त की.

👤 Sagar 22 May 2025 12:17 PM

PM Modi In Karni Mata Temple: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में दर्शन किए. यह मंदिर अपनी अनोखी मान्यताओं और हज़ारों की संख्या में मौजूद चूहों की वजह से दुनियाभर में मशहूर है.

बीकानेर के पास देशनोक स्थित इस मंदिर में पहुंचने पर पीएम मोदी का स्वागत राज्यपाल हरीभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किया. मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें करणी माता मंदिर की प्रतिकृति भेंट की गई. प्रधानमंत्री ने मंदिर में 'प्रसाद' चढ़ाया और दान भी दिया.

चूहों के कारण मशहूर है यह मंदिर

करीब 30 किलोमीटर दूर बसे इस मंदिर की खासियत यहां रहने वाले लगभग 20,000 से ज्यादा काले चूहे हैं जिन्हें श्रद्धालु 'काब्बा' कहते हैं. लोग मानते हैं कि ये चूहे मंदिर के संरक्षक हैं और इन्हें देखने मात्र से सौभाग्य प्राप्त होता है. सफेद चूहे की झलक को तो बेहद शुभ माना जाता है. मंदिर परिसर में चूहों को किसी भी पक्षी से बचाने के लिए लोहे की महीन जाली लगाई गई है.

मंदिर की दीवारों पर शानदार संगमरमर की नक्काशी, चांदी के दरवाजे और सोने की छतरियां इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं. यहां हर सुबह 5 बजे मंगल आरती और शाम 7 बजे आरती में हजारों श्रद्धालु जुटते हैं.यह पीएम मोदी की पाकिस्तान और पीओके पर हुए सैन्य ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद पहली राजस्थान यात्रा थी.

पीएम मोदी ने किया 103 अमृत स्टेशन का उद्घाटन

इसके तहत उन्होंने देशभर के 103 'अमृत स्टेशन' का उद्घाटन किया, जिसमें नवनिर्मित देश नोक रेलवे स्टेशन भी शामिल है. उन्होंने बाड़मेर के पलाना गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और ₹26,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की आधार शिला रखी. यात्रा के दौरान उन्होंने बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई. पीएम का बीकानेर में कुल प्रवास करीब साढ़े तीन घंटे रहा, जिसके बाद वे दिल्ली रवाना हो गए.