New rules from 1 February 2026: फरवरी का महीना शुरू होते ही आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ना शुरू हो जाता है. 1 फरवरी 2026 का दिन खास है. इस दिन संसद में केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा और महीने की पहली तारीख होने के कारण कई नियम और कीमतों में बदलाव लागू होंगे. रसोई गैस के दाम, आपकी गाड़ी के फास्टैग और बैंक कार्ड्स, सभी जगह नए अपडेट्स नजर आएंगे. आइए जानते हैं कि आज से आपकी जिंदगी में क्या बदलाव होने वाले हैं.
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. 1 फरवरी को भी नए रसोई गैस दाम घोषित हो सकते हैं. पिछले महीनों में गैस सिलेंडर की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है. जनवरी में कमर्शियल सिलेंडर 14.50 रुपये सस्ता हुआ था. अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि घरेलू रसोई गैस के दाम में कोई राहत मिलेगी या महंगाई बढ़ेगी.
सिर्फ रसोई गैस ही नहीं, बल्कि सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) के दाम भी बदल सकते हैं. बजट के दिन ईंधन से जुड़ी घोषणाएं अक्सर होती हैं. अगर सीएनजी के दाम बढ़ते हैं तो यह आपकी रोजमर्रा की यात्रा महंगी कर देगा. इसके अलावा हवाई ईंधन (ATF) की कीमतें भी तय होंगी, जो हवाई यात्रा के किराए को प्रभावित कर सकती हैं.
अगर आप सिगरेट, पान मसाला या तंबाकू उत्पाद का सेवन करते हैं, तो 1 फरवरी से आपको ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है. सरकार इन उत्पादों पर टैक्स बढ़ाने की योजना में है. उत्पाद शुल्क और सेस में बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसका मतलब है कि सिगरेट और गुटखा जैसे उत्पाद महंगे हो जाएंगे. आमतौर पर बजट में स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे फैसले लिए जाते हैं.
सड़क पर गाड़ी चलाने वालों के लिए अच्छी खबर है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने फास्टैग (FASTag) से जुड़े झंझट को खत्म कर दिया है. 1 फरवरी से फास्टैग के लिए बार-बार केवाईसी कराने की जरूरत नहीं होगी. अब यह जिम्मेदारी बैंकों की होगी जो फास्टैग जारी करते हैं.
लेकिन बैंक कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए कुछ नियम सख्त हो रहे हैं. उदाहरण के लिए, एचडीएफसी बैंक के ‘इनफिनिया मेटल’ कार्ड धारक अब महीने में सिर्फ पांच बार ही रिवॉर्ड पॉइंट्स का इस्तेमाल कर पाएंगे. वहीं, आईसीआईसीआई बैंक कुछ कार्ड्स पर मुफ्त मूवी टिकट की सुविधा बंद कर रहा है.
एसबीआई ने आईएमपीएस ट्रांजेक्शन पर सेवा शुल्क में बदलाव किया है. 15 फरवरी 2026 से:
25,000 रुपए से 1 लाख रुपए तक के ट्रांजेक्शन पर 2 रुपए + जीएसटी चार्ज लगेगा. 1 लाख से 2 लाख रुपए तक के ट्रांजेक्शन पर 6 रुपए + जीएसटी लगेगा. 2 लाख से 5 लाख रुपए तक के ट्रांजेक्शन पर 10 रुपए + जीएसटी चार्ज होगा.