Rahul Vaidya Death Threat : क्रिकेटर विराट कोहली और सिंगर राहुल वैद्य के बीच इंस्टाग्राम से जुड़ा एक मामूली मजाक पिछले कुछ दिनों में एक बड़ा विवाद बन गया. ये विवाद अब शांत हो गया है, लेकिन इसके दौरान राहुल को मिली धमकियों और उनके परिवार को झेलनी पड़ी ट्रोलिंग ने इस मामले को गंभीर बना दिया.
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राहुल वैद्य ने कहा कि विराट कोहली द्वारा उन्हें इंस्टाग्राम पर अनब्लॉक कर दिए जाने के बाद ये विवाद अब खत्म हो चुका है. राहुल ने कहा कि उनकी टिप्पणी महज मजाक थी, जिसे कोहली के फैंस ने जरूरत से ज्यादा तूल दे दिया. ये एक मजाक था, लेकिन उनके फैंस ने इसे एक विवाद बना दिया. इसे सनसनीखेज और बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया.
राहुल ने इंटरव्यू में ये भी खुलासा किया कि कोहली के फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां तक दीं. उन्होंने बताया- लोगों ने कहा, ‘जान से मार दूंगा’, ‘कभी सामने मत आना’... सबसे बुरा ये था कि मेरी पत्नी और बहन को भी इस विवाद में घसीटा गया, जिनका इससे कोई लेना-देना नहीं था.'
ये विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल वैद्य ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी में शिकायत की कि विराट कोहली ने उन्हें ब्लॉक कर दिया है. उन्होंने इसे एक हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया था- 'लगता है इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम ने बोला होगा, ‘एक काम कर, तेरे नाम पर राहुल वैद्य को ब्लॉक करता हूं.'
हालांकि मजाक के जवाब में ट्रोलिंग बढ़ी, तो राहुल ने गुस्से में आकर विराट के फैंस को ‘जोकर’ तक कह डाला. उन्होंने लिखा- आप मुझे गाली दे रहे हो, ठीक है. लेकिन मेरी पत्नी और बहन को क्यों गाली? इसलिए आप सब जो ऐसा कर रहे हो, ‘2 कौड़ी के जोकर’ हो.'
17 मई 2025 को विराट कोहली ने राहुल वैद्य को इंस्टाग्राम पर अनब्लॉक कर दिया. इसके बाद राहुल ने कोहली के लिए सम्मान जताते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया: मुझे अनब्लॉक करने के लिए शुक्रिया विराट कोहली.. आप भारत के गौरव हैं! भगवान आपको और आपके परिवार को आशीर्वाद दें.'