Ramayana Teaser: हनुमान जयंती के खास मौके पर फिल्म रामायण के मेकर्स ने आखिरकार फैंस का लंबा इंतजार खत्म कर दिया है। फिल्म का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें पहली बार रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आए हैं। मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान इस टीजर को लॉन्च किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।
टीजर की शुरुआत अयोध्या में भगवान राम के प्रवेश से होती है। जैसे ही रणबीर कपूर का किरदार राज्य में प्रवेश करता है, उन पर फूलों की बारिश की जाती है, जो उनके शाही व्यक्तित्व को दर्शाती है। इसके बाद उन्हें एक योद्धा के रूप में भी दिखाया गया है, जहां वे अपने कर्तव्य और धर्म का पालन करते नजर आते हैं। साथ ही सीता और लक्ष्मण के साथ वनवास के कुछ भावुक पल भी टीजर में शामिल किए गए हैं, जो कहानी को और खास बना देते हैं।
टीजर के अंत में यश के रावण अवतार की एक झलक भी दिखाई गई है। इस छोटे से सीन ने ही फैंस के बीच एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। फैंस को अब इस बात का बेसब्री से इंतजार है कि फिल्म में राम और रावण के बीच टक्कर कैसी दिखाई जाएगी।
टीजर सामने आते ही फैंस ने इसे हाथों हाथ लिया। सोशल मीडिया पर लोग रणबीर के लुक और फिल्म के विजुअल्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे अब तक का सबसे शानदार पौराणिक टीजर बताया, तो कुछ ने कहा कि इसे देखकर रोंगटे खड़े हो गए। कुल मिलाकर टीजर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
रामायण को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है। इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। फिल्म में साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।