Logo

ICU से बाहर आते ही पवनदीप राजन ने गाया लता मंगेशकर का गाना, इतने दिन बाद मिलेगा चलने का मौका

Pawandeep Rajan Video: एक्सीडेंट के बाद पहली बार सामने आए पवनदीप राजन… अस्पताल के बेड से गाया ऐसा गाना कि हर कोई इमोशनल हो गया. वीडियो में दिखी हालत और सुनाई दी वो आवाज जिसने सबको चौंका दिया.

👤 Sanskriti 14 May 2025 09:29 AM

नई दिल्ली : 'इंडियन आइडल 12' के विनर पवनदीप राजन का एक्सीडेंट भले ही खतरनाक रहा हो, लेकिन उनकी हिम्मत और संगीत का जज्बा अब भी बरकरार है. एक्सीडेंट के कुछ दिन बाद अब उन्होंने अपने फैंस को हेल्थ अपडेट देते हुए एक इमोशनल वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो अस्पताल के बेड पर बैठकर गाना गाते नजर आ रहे हैं.

5 मई को हुए गंभीर सड़क हादसे के बाद पवनदीप की कई सर्जरी हुईं. अब वो धीरे-धीरे रिकवर कर रहे है. हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वो हॉस्पिटल बेड पर बैठे हैं. उनके एक हाथ में पट्टी बंधी है और दूसरे में सपोर्टिव ब्रेस. बावजूद इसके, उन्होंने लता मंगेशकर का मशहूर गाना ‘मेरा साया साथ होगा’ गाकर सबका दिल जीत लिया.

 सेलेब्स और फैंस हुए इमोशनल

पवनदीप के इस वीडियो ने न सिर्फ उनके फैंस, बल्कि कई सेलेब्रिटीज को भी भावुक कर दिया. एक्ट्रेस सई एम मांजरेकर ने कमेंट किया, 'वाह पवन!! भगवान आपको हमेशा सुरक्षित रखें... आपको ढेर सारा प्यार और शक्ति मिले.'वहीं एक्टर अनूप सोनी ने दिल वाले इमोजी बनाकर अपनी प्रतिक्रिया दी. फैंस भी लगातार दुआएं भेज रहे हैं-'भाई आपको और शक्ति मिले', 'आपकी आवाज सुनकर दिल खुश हो गया.'

 

स्वास्थ्य में सुधार लेकिन अभी लंबा सफर बाकी

आजतक से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि पवनदीप को तीन दिन पहले ICU से नार्मल कमरे में शिफ्ट किया गया है. पहले वो उठ भी नहीं पा रहे थे, लेकिन अब डॉक्टर्स ने उन्हें बैठाने और खड़ा करने में मदद की. उनकी फिजियोथेरेपी जारी है और बताया जा रहा है कि अगले 6 हफ्तों तक वो चल नहीं पाएंगे.

पवनदीप का ये वीडियो इस बात का प्रमाण है कि कलाकार का मन और आत्मा कभी नहीं टूटते. चाहे हालात जैसे भी हों, सच्चे संगीतकार की आवाज हमेशा जिंदा रहती है. पवनदीप राजन ने न सिर्फ अपनी हिम्मत दिखाई, बल्कि लाखों दिलों में फिर से उम्मीद जगा दी.