Logo

Eid-ul-Fitr 2026: कब दिखेगा शव्वाल का चांद? जानिए भारत में किस दिन मनाई जाएगी ईद

Eid-ul-Fitr 2026: ईद-उल-फितर 2026 की तारीख चांद दिखने पर तय होगी। अनुमान है कि सऊदी अरब में 20 मार्च और भारत में 21 मार्च को ईद मनाई जा सकती है। रमजान खत्म होने के बाद यह त्योहार मनाया जाता है।

👤 Samachaar Desk 16 Mar 2026 04:21 PM

Eid-ul-Fitr 2026: दुनिया भर में मुसलमानों का सबसे अहम त्योहार ईद-उल-फितर आने वाला है और इसके लिए तैयारियां भी तेज हो गई हैं। रमजान के पवित्र महीने के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार खुशियों, दुआओं और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है। ईद की सही तारीख हर साल चांद दिखने पर तय होती है, इसलिए लोग यह जानने के लिए उत्सुक रहते हैं कि इस बार ईद किस दिन मनाई जाएगी।

इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रमजान 29 या 30 दिनों का होता है और इसके खत्म होने के बाद शव्वाल महीने की पहली तारीख को ईद-उल-फितर मनाई जाती है। साल 2026 में भारत में ईद 20 मार्च (शुक्रवार) या 21 मार्च (शनिवार) को मनाई जा सकती है। यह पूरी तरह शव्वाल के चांद के दिखने पर निर्भर करेगा।

किन देशों में कब मनाई जा सकती है ईद

खाड़ी देशों में चांद अक्सर पहले दिखाई देता है, इसलिए वहां ईद भारत से एक दिन पहले मनाई जाती है। खगोल वैज्ञानिक अनुमान के मुताबिक सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत और बहरीन जैसे देशों में 19 मार्च की शाम को चांद दिख सकता है, जिसके बाद वहां 20 मार्च को ईद मनाए जाने की संभावना है।

वहीं भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे देशों में 20 मार्च की शाम को चांद दिखने की उम्मीद है। ऐसे में इन देशों में 21 मार्च को ईद मनाई जा सकती है।

ईद की तारीख कैसे होती है तय

ईद-उल-फितर की तारीख तय करने में चांद देखने की परंपरा सबसे अहम मानी जाती है। खासकर सऊदी अरब में सुप्रीम कोर्ट लोगों से अपील करता है कि अगर कहीं शव्वाल का चांद दिखाई दे तो इसकी सूचना दी जाए। इसके बाद आधिकारिक घोषणा की जाती है कि ईद किस दिन मनाई जाएगी।

भारत में ईद की अंतिम घोषणा कैसे होती है

भारत में ईद का ऐलान चांद देखने वाली समितियां और धार्मिक संस्थाएं करती हैं। आम तौर पर भारत में ईद खाड़ी देशों के एक दिन बाद मनाई जाती है। इसलिए अगर सऊदी अरब में 20 मार्च को ईद होती है, तो भारत में इसके अगले दिन यानी 21 मार्च को ईद मनाई जा सकती है।