इन दिनों सोशल मीडिया पर '#धाकड़' हैशटैग के तहत तमाम अश्लील और अजीबोगरीब वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसने लोगों को हैरानी और चिंता में डाल दिया है. इसी बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास एक ऐसा पोस्टर लगाया गया है जिसने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया है.
पोस्टर में एक महिला को कुत्ते से सीधे दूध पीते हुए दिखाया गया है। साथ ही लिखा है कि 'अगर आप कुत्ते का दूध नहीं पी सकते… तो किसी और प्रजाति का दूध कैसे पी सकते हैं? पोस्टर का उद्देश्य लोगों को शाकाहारी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, लेकिन जिस विजुअल और टोन में यह संदेश दिया गया है, उसने सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दिया है.
पोस्टर के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि इंसानों को गाय, भैंस जैसे जानवरों का दूध पीना बंद कर देना चाहिए और पशु उत्पादों से दूर रहकर शाकाहारी जीवन अपनाना चाहिए। इसमें यह भी लिखा है कृपया शाकाहारी भोजन खाएं! पोस्टर में यह तर्क भी दिया गया है कि बढ़ती आबादी के साथ डेयरी और मीट उद्योग में जानवरों के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया जाता है फैक्ट्री फार्मिंग, जबरन गर्भधारण, बच्चों से माताओं को अलग करना, समय से पहले मौत. इन प्रथाओं के चलते दुनियाभर में हर साल 80 अरब से ज्यादा जानवरों को भोजन के लिए मारा जाता है.
हालांकि पोस्टर का मकसद लोगों को पशु-उत्पादों के प्रति संवेदनशील बनाना था, लेकिन महिला को कुत्ते का दूध पीते दिखाना लोगों को असहज और नाराज़ कर गया. सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे ‘बेतुका’, ‘घिनौना’ और ‘सस्ता प्रचार’ बताया है. इस पोस्टर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. कई यूज़र्स ने इसे हटाने की मांग की और शिकायतें दर्ज कराईं. रिपोर्ट्स के मुताबिक रेलवे स्टेशन प्रशासन ने इस पोस्टर को अब हटा दिया है, लेकिन इससे जुड़ी बहस अभी भी जारी है.
Copyright © 2026 The Samachaar
