पंजाब में अब सार्वजनिक परिवहन पहले जैसा नहीं रहा. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार राज्य की बस सेवा को पूरी तरह बदलने में जुटी है. मकसद साफ है, यात्रियों को सुरक्षित, सस्ती और आधुनिक बस सेवा देना, ताकि रोज़ सफर करने वाले लोगों की जिंदगी आसान हो सके. इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं, बुजुर्गों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को मिल रहा है.
फिलहाल पंजाब में कुल 2,267 सरकारी बसें चल रही हैं, जिनमें PUNBUS और PRTC की बसें शामिल हैं. इन सभी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है. इस योजना से कामकाजी महिलाओं को रोज 50 से 100 रुपये तक की बचत हो रही है. महीने के हिसाब से यह बचत 1,500 से 3,000 रुपये और साल भर में करीब 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच जाती है. इससे महिलाएं बिना किसी चिंता के ऑफिस, स्कूल, कॉलेज, बाजार और अस्पताल तक आ जा पा रही हैं.
सरकार अब बस सेवा को और बेहतर बनाने के लिए 1,279 नई बसें लाने जा रही है. इनमें से 796 बसें खरीदी जाएंगी और 483 बसें लीज पर ली जाएंगी. PUNBUS को 602 नई बसें मिलेंगी, जिससे उसकी कुल संख्या 1,721 हो जाएगी. वहीं PRTC के बेड़े में 670 नई बसें शामिल की जाएंगी.
इन बसों में आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर मिलेगा.
नई बसों को पूरी तरह आधुनिक बनाया जाएगा. इनमें व्हीलचेयर की सुविधा होगी, ताकि दिव्यांग यात्रियों को कोई परेशानी न हो. BS-VI इंजन से चलने वाली ये बसें कम प्रदूषण फैलाएंगी. साथ ही LED लाइट्स, CCTV कैमरे, फायर डिटेक्शन सिस्टम और GPS ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी होंगी. इससे सफर न सिर्फ आरामदायक बल्कि सुरक्षित भी बनेगा.
बस सेवा के साथ-साथ सरकार डिजिटल टिकटिंग सिस्टम भी शुरू कर रही है. अब यात्री मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे टिकट बुक कर सकेंगे. बस की लाइव लोकेशन देख सकेंगे और QR कोड, UPI या कार्ड से भुगतान कर पाएंगे. महिलाओं के लिए स्मार्ट कार्ड के जरिए फ्री ट्रैवल की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, जिससे उन्हें टिकट के लिए लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
पंजाब के लुधियाना, जालंधर, संगरूर, पटियाला और बठिंडा में बस टर्मिनल्स को PPP मॉडल के तहत आधुनिक बनाया जाएगा. इन टर्मिनलों पर बेहतर वेटिंग एरिया, साफ-सुथरे शौचालय, अच्छी लाइटिंग, व्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षित बोर्डिंग की सुविधा होगी. बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए आसान पहुंच का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा.
आम आदमी पार्टी सरकार का कहना है कि यह पहल सिर्फ बस सेवा सुधारने तक सीमित नहीं है. यह महिलाओं की आजादी, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम है. पंजाब का सार्वजनिक परिवहन अब देश के लिए एक नई मिसाल बनने की ओर बढ़ रहा है.
Copyright © 2026 The Samachaar
