Logo

हरियाणा CM नायब सिंह सैनी का पंजाब के CM भगवंत मान को पत्र

पंजाब में आई बाढ़ को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा है।

👤 Saurabh 28 Aug 2025 04:33 PM

पंजाब में बाढ़ की वजह से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इस प्राकृतिक आपदा ने कई जिलों में भारी नुकसान पहुँचाया है। इसी बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक पत्र लिखकर संवेदना जताई है और हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

पत्र में सैनी ने कहा कि पंजाब में आई बाढ़ से हुए नुकसान से वे बेहद दुखी और व्यथित हैं। उन्होंने लिखा कि इस कठिन समय में हरियाणा सरकार और हरियाणा की 2.8 करोड़ जनता पंजाब के अपने भाइयों और बहनों के साथ खड़ी है। यदि किसी भी प्रकार की मदद की ज़रूरत होगी, तो हरियाणा तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि "आप जहाँ भी मदद मांगेंगे, मैं और मेरी सरकार वहां तुरंत मदद पहुंचाने का प्रयास करेंगे।"

पंजाब में इस समय बाढ़ की स्थिति गंभीर है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर बसे कई गाँव पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं। एनडीआरएफ की टीमों ने सीमावर्ती क्षेत्र में राहत कार्य चलाया और चार युवकों को बचाया, जो बाढ़ के पानी के साथ पाकिस्तान की ओर बहने वाले थे। वे यूकेलिप्टस के एक पेड़ से बंधकर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा, गुरदासपुर के एक आवासीय विद्यालय में फंसे करीब 400 छात्र और कर्मचारी भी सुरक्षित बाहर निकाले गए।

रावी नदी का जलस्तर बढ़ने से पंजाब के कई इलाकों में खतरा और बढ़ गया है। गांवों तक जाने वाली नहरें भी उफान पर हैं। गांव बल्लारवाल के पास लाहौर ब्रांच नहर टूट गई, जिसमें लगभग 10 से 15 फीट का चौड़ा गैप बन गया है। इससे आसपास के किसानों की सैकड़ों एकड़ फसल के पानी में डूब जाने की आशंका है।

इसी तरह सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में भी बाढ़ ने जबरदस्त तबाही मचाई है। यहां कई घर और खेत पानी में डूब चुके हैं। हालात बिगड़ते देख सेना को भी जल्द राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात किया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।