चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित पंजाब मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और पूरे परिसर में जांच शुरू कर दी गई.
पुलिस के अनुसार, यह दूसरी बार है जब मिनी सचिवालय को इस तरह की धमकी मिली है. एहतियात के तौर पर बम डिटेक्शन स्क्वॉड और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गईं और भवन की गहन तलाशी ली गई.
मामला यहीं तक सीमित नहीं है. चंडीगढ़ जिला अदालत को भी चौथी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. लगातार मिल रही इन धमकियों से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है. पिछले कुछ महीनों में शहर के कई महत्वपूर्ण संस्थानों को इसी तरह के ई-मेल मिले हैं. इनमें स्कूल, सरकारी दफ्तर और अन्य सार्वजनिक भवन शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, करीब 30 स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं. इसके अलावा सेक्टर-1 स्थित पंजाब सचिवालय, सेक्टर-35 का म्युनिसिपल भवन और अन्य सरकारी दफ्तर भी ऐसे संदेशों का निशाना बन चुके हैं.
साल 2024-25 के दौरान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, सेक्टर-10 म्यूजियम और शहर के दो बड़े होटलों को भी चेतावनी दी गई थी. हालांकि जांच के बाद अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है.
जनवरी 2025 में दक्षिण क्षेत्र के एक थाने पर संभावित हमले की आशंका जताई गई थी. उस समय सभी थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. पुलिस अधिकारियों को रात में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए थे. अप्रैल 2025 में भी एक अन्य थाने को लेकर सुरक्षा इनपुट मिला था. इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त गश्त और निगरानी बढ़ा दी थी.
ताजा धमकी के बाद पुलिस ने मिनी सचिवालय और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है. आने-जाने वालों की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल हो रही है. अधिकारियों का कहना है कि ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.