चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शनिवार, 24 मई को भारत के इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। इस दौरे को लेकर लंबे समय से क्रिकेट प्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई थी, और अब चयन समिति ने इस पर से पर्दा उठा दिया है। टीम के ऐलान के साथ उन्होंने नए कप्तान को लेकर भी घोषणा कर दिया है। इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के कुल 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया है और टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंप दी गई है।
अजीत अगरकर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पूरी सीरीज़ के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। अगरकर ने कहा, "डॉक्टर्स और फिजियो की जानकारी के अनुसार, बुमराह संभवतः सभी पांच टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। वह 3-4 मैचों के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। हमें खुशी है कि वह टीम का हिस्सा हैं और जब भी खेलेंगे, टीम को मैच जिताएंगे।"
इस दौरे के लिए युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को भारत का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को उप-कप्तान बनाया गया है। यह टेस्ट सीरीज़ 2025-2027 की ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी और जून से अगस्त 2025 तक इंग्लैंड में खेली जाएगी। मैच लीड्स (हेडिंग्ले), बर्मिंघम (एजबेस्टन), लंदन (लॉर्ड्स और ओवल) और मैनचेस्टर (ओल्ड ट्रैफर्ड) में होंगे।
गौरतलब है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यह भारत की पहली बड़ी द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज़ होगी।
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी,रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।
Copyright © 2026 The Samachaar
