MS धोनी...एक ऐसा नाम जो मैदान पर फिनिशर के तौर पर मशहूर हुआ, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ में भी एक मजबूत साथी हमेशा उनके साथ खड़ा रहा. उनकी पत्नी साक्षी धोनी. क्रिकेट के ग्लैमर और दबाव के बीच साक्षी ने ना सिर्फ धोनी का साथ निभाया, बल्कि एक सशक्त महिला के रूप में भी अपनी पहचान बनाई.
साक्षी और धोनी की प्रेम कहानी जितनी दिलचस्प है, उतनी ही प्रेरणादायक भी. ये सिर्फ एक क्रिकेटर की पत्नी की कहानी नहीं है, बल्कि उस स्त्री की दास्तां है, जिसने प्यार, विश्वास और साझेदारी से एक चैंपियन की दुनिया को संजोया.
साक्षी धोनी का जन्म 19 नवंबर 1988 को असम में हुआ था. उनका मूल नाम साक्षी सिंह रावत है. कई लोग उन्हें सिर्फ धोनी की पत्नी के तौर पर जानते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि साक्षी खुद एक शिक्षित, आत्मनिर्भर और सफल महिला हैं.
साक्षी के पिता आर.के. सिंह "बिनागुड़ी टी कंपनी" में काम करते थे, जबकि मां शीला सिंह एक गृहिणी थीं. उनका एक भाई अक्षय सिंह और बहन अभिलाषा बिष्ट हैं। दिलचस्प बात ये है कि साक्षी के पिता और एमएस धोनी के पिता एक ही कंपनी MECON में साथ काम करते थे.
साक्षी ने अपनी स्कूली शिक्षा देहरादून के वेलहम गर्ल्स स्कूल और रांची के जवाहर विद्या मंदिर से पूरी की. उन्होंने होटल मैनेजमेंट की डिग्री IHM औरंगाबाद से ली. शादी के बाद उन्होंने अपने होटल मैनेजमेंट करियर को छोड़कर धोनी की बिजनेस वेंचर्स को संभालना शुरू किया.
धोनी और साक्षी की पहली मुलाकात 2007 में कोलकाता के ताज बंगाल होटल में हुई थी, जहां साक्षी इंटर्नशिप कर रही थीं. इस मीटिंग का सेटअप धोनी के मैनेजर युधाजीत दत्ता ने किया था। यही से दोनों की बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे ये रिश्ता प्यार में बदल गया.
साल 2010 में, धोनी ने करियर के पीक पर साक्षी से शादी कर ली. शादी 4 जुलाई को देहरादून में हुई थी, जिसमें परिवार और करीबी लोग ही शामिल थे. 2015 में दोनों की बेटी जीवा का जन्म हुआ, जो अब सोशल मीडिया की स्टार बन चुकी हैं.
साल 2025 तक साक्षी की कुल संपत्ति लगभग ₹41 करोड़ (5 मिलियन डॉलर) आंकी गई है. वह धोनी एंटरटेनमेंट लिमिटेड की सीईओ हैं और धोनी के ब्रांड और बिजनेस मामलों को संभालती हैं.
Q.1 धोनी ने साक्षी से शादी क्यों की?
A. दोनों कुछ वर्षों तक डेटिंग में रहे और फिर 2010 में अपने रिश्ते को मजबूती देने के लिए शादी की.
Q.2 धोनी और साक्षी के बीच उम्र का अंतर कितना है?
A. धोनी, जो 7 जुलाई 1981 को जन्मे थे, साक्षी से 7 साल बड़े हैं. साक्षी का जन्म 19 नवंबर 1988 को हुआ.
Q.3 क्या साक्षी और अनुष्का शर्मा रिलेटेड हैं?
A. नहीं, दोनों सिर्फ बचपन की दोस्त हैं और एक ही स्कूल में पढ़ी हैं.
Q.4 क्या धोनी और दीपिका पादुकोण कभी डेट कर चुके हैं?
A. नहीं, यह सिर्फ अफवाह थी. धोनी ने दीपिका पर क्रश होने की बात जरूर स्वीकारी थी.
Q.5 प्रियंका कौन थीं धोनी की जिंदगी में?
A. प्रियंका झा, धोनी की पहली गर्लफ्रेंड मानी जाती हैं, जिनकी 2002 में एक कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी.