अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर देश के कानून-व्यवस्था एजेंडे को लेकर विवादित बयान दे दिया है. फ्लोरिडा में एक प्रवासी हिरासत केंद्र के दौरे के दौरान ट्रंप ने कहा कि जो अमेरिकी नागरिक गंभीर अपराधों में शामिल पाए जाएंगे, उन्हें देश से बाहर निकाल देना चाहिए. चाहे वो अमेरिका में ही जन्मे क्यों न हों. ट्रंप के इस बयान ने संविधानिक बहस और मानवाधिकार संगठनों में हड़कंप मचा दिया है.
ट्रंप ने न्यूयॉर्क में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ अपराध इतने जघन्य हैं कि केवल जेल की सजा पर्याप्त नहीं मानी जा सकती. उन्होंने कहा कि अगली सरकार में उनका लक्ष्य ऐसे अपराधियों को अमेरिका से बाहर निकालने का कानून लागू करना होगा.
ट्रंप बोले- "बेसबॉल बैट से मारने वाले को बाहर करो" डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में कहा, ये लोग हमारे देश के लिए नए नहीं हैं. ये यहीं के हैं. इनमें से कई यहीं पैदा हुए हैं... लेकिन अगर कोई किसी को बेसबॉल बैट से मारता है, तो उसे अमेरिका से डिपोर्ट किया जाना चाहिए. यह बयान उनके उस अभियान का हिस्सा है जो वो लंबे समय से ‘कानून-व्यवस्था’ के मुद्दे पर चला रहे हैं. हालांकि, इस बार उन्होंने नागरिकता कानून की जड़ को ही चुनौती दे डाली.
अमेरिका में जन्म से नागरिकता (Birthright Citizenship) पाने वालों को देश से बाहर निकाला नहीं जा सकता, जब तक कि उन्होंने नागरिकता धोखे से न हासिल की हो. ट्रंप का यह प्रस्ताव सीधे तौर पर 14वें संशोधन से टकराता है, जो जन्म से नागरिकता की गारंटी देता है.
ट्रंप के इस बयान की चौतरफा आलोचना हो रही है. मानवाधिकार संस्था ACLU ने इसे “असंवैधानिक और खतरनाक” करार दिया है. कई कानूनी विशेषज्ञों ने चेताया है कि ट्रंप का प्रस्ताव अमेरिका में "स्टेटलेसनेस (Statelessness)" जैसी भयावह स्थिति को जन्म दे सकता है.
ट्रंप के इस बयान को चुनावी रणनीति से भी जोड़ा जा रहा है. 2024 की तरह 2025 में भी ट्रंप “क्राइम कंट्रोल और बॉर्डर सिक्योरिटी” को अपना बड़ा मुद्दा बना रहे हैं. फ्लोरिडा की इस प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने साफ किया कि यह नीति उनकी अगली सरकार के रोडमैप में शामिल है.
न्यूयॉर्क शहर का हवाला देते हुए ट्रंप बोले, अगर हम बाकी सबको भूल भी जाएं, तो न्यूयॉर्क में कुछ बहुत बुरी घटनाएं हुई हैं और वे हादसे नहीं थे, यह बयान कई चर्चित अपराधों की तरफ इशारा करता है जिनमें बाहरी मूल के नागरिक या प्रवासी शामिल थे.