Border 2 Box Office Collection Day 1: साल 2026 की मचअवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. गणतंत्र दिवस से ठीक पहले आई इस देशभक्ति से जुड़ी वॉर ड्रामा फिल्म को रिलीज के साथ ही दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला.
फिल्म को लेकर पहले से ही लोगों में उत्साह देखा जा रहा था. रिलीज के दिन सुबह से ही देशभर के सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं. फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपने रिएक्शन शेयर किए और कहानी, अभिनय और देशभक्ति के भाव की तारीफ की.
रिलीज से पहले ही ‘बॉर्डर 2’ की एडवांस बुकिंग मजबूत रही. प्री-टिकट सेल से फिल्म ने 17 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी. इससे साफ हो गया था कि ओपनिंग डे पर फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर सकती है.
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. ये आंकड़े शुरुआती हैं और आधिकारिक आंकड़ों में थोड़ा बहुत बदलाव संभव है, लेकिन फिर भी ओपनिंग को मजबूत माना जा रहा है.
पहले दिन की कमाई के मामले में ‘बॉर्डर 2’ ने कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. इस ओपनिंग के साथ फिल्म ने ‘दंगल’, ‘पीके’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘किक’ और ‘सूर्यवंशी’ जैसी फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन को पार कर लिया है.
फिल्म को मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स को देखते हुए उम्मीद है कि वीकेंड पर इसकी कमाई और बढ़ेगी. सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के कारण फिल्म को अतिरिक्त फायदा मिल सकता है. ऐसे में पहले वीकेंड में 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने की संभावना जताई जा रही है.
‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल मेन भूमिका में नजर आ रहे हैं. उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम किरदार निभा रहे हैं. महिला कलाकारों में मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा शामिल हैं. फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। यह फिल्म साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है.
Copyright © 2026 The Samachaar
